तत्काल मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने लोगों की मदद से आग बुझाई
जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में रानीदुर्गावती समाधि रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गौर शाखा में सोमवार सुबह आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बैंक प्रबंधक की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि शार्ट सर्किट से लगी आग में बैंक परिसर में रखा फर्नीचर, कप्यूटर सिस्टम सहित अन्य आवश्यक उपकरण जलकर राख हो गए।
सुरक्षा गार्ड की सूचना पर पहुंचे बैंक प्रबंधक
बैंक के गार्ड द्वारा सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक राजीव रंजन स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उन्होने फायर बिग्रेड व बिजली विभाग को कॉल किया, जिसके बाद दमकल वाहन सहित क्षेत्रीय विद्युत कार्यालय का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया, कि सुबह करीब 9 बजे बैंक के सुरक्षा गार्ड ने मोबाइल पर बताया, कि बैंक के अंदर से तेज धुआं निकल रहा है, अंदर आग दिख रही है। राजीव रंजन ने तत्काल गौर चौकी प्रभारी टेकचंद शर्मा को फोन पर बैंक में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद एएसआई लेखराम सिंह पटैल और आरक्षक मुकेश डहरिया 5 मिनट में बैंक पहुंच गए। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड एवं स्थानीय लोगों से मदद लेते हुए पानी की समुचित व्यवस्था कर आग को काबू करने का हरसंभव प्रयास किया, इसके कुछ देर बाद फायर अमला भी मौके पर पहुंच गया। बैंक मैनेजर ने बताया, कि आग से बैंक का रिकॉर्ड व नगदी रकम पूरी तरह से सुरक्षित है।
शादी का सीजन, रकम निकासी में फिलहाल होगी दिक्कत
बैंक में आग लगने के बाद बैंक का पूरा परिसर करीब-करीब जल गया है। इलेक्ट्रानिक सिस्टम के साथ-साथ सरवर की केबल पूरी तरह से जल गईं है। बीते 3 दिनों से बैंक बंद था, इसलिए खाता धारकों द्वारा बड़ी निकासी नहीं हो सकी। वैवाहिक सीजन होने के कारण कई खाताधारक रुपए आहरण के लिए सोमवार का इंतजार कर रहे थे। सुबह-सुबह आग लगने की सूचना के बाद कई खाताधारक भी बैंक में लगी आग को देखने के लिए पहुंचे। मौके पर कुछ लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि आज रुपयों की बहुत जरूरत थी।
