डुमना रोड के ग्राम टेमर में चला बुल्डोजर, दीवार तान बना लिए थे कमरे
जबलपुर। सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने चल रहे जिला प्रशासन के अभियान अंतर्गत आज करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपए कीमत वाली सरकारी जमीन भू-माफिया के कब्जे से छुड़ा ली गई। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के दिशा-निर्देश पर आज सुबह रांझी तहसील अंतर्गत डुमना एयरपोर्ट रोड पर स्थित ग्राम टेमर में सरकारी स्कूल को आवंटित 12 हजार वर्गफुट जमीन को मुक्त कराकर स्कूल के प्रिंसिपल को प्रशासन ने कब्जा सौंपा है।
कई सालों से चला आ रहा था कब्जा,दी थी समझाइश
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के अमले ने शनिवार को रांझी तहसील के अंतर्गत डुमना रोड के समीप ग्राम टेमर में स्कूल को आवंटित 12 हजार वर्गफुट शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कब्जा पिछले कई सालों से चला आ रहा था। तहसीलदार रांझी श्याम नन्दन चंदेले ने बताया कि हाईस्कूल महगवां को आवंटित इस भूमि पर रवींद्र ठाकुर पिता सूरज ठाकुर निवासी टेमर द्वारा बाउंड्रीवाल व एक कमरा बना कर कब्जा किया गया था। इसे नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि का कब्जा प्राचार्य हाईस्कूल महगवां को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ 40 लाख रुपये है। इसके लिए कब्जाधारियों को समझाइश देकर अवैध अतिक्रमण हटा लेने कहा गया था और नोटिस भी दिए गए थे लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसलिए आज जिला प्रशासन को यह कार्रवाई करना पड़ी है।