Type Here to Get Search Results !

दिग्विजय की मुश्किलें बढ़ीं, बंदी से मुलाकात का वीडियो वायरल होने पर जेल अधीक्षक सस्पेंड

खरगोन मामले में गलत ट्वीट पर गृह मंत्री ने दिए कार्रवाई के संकेत 

भोपाल। मस्जिद पर भगवा झंडा फहराने संबंधी एक वीडियो पर ट्वीट करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं ग्वालियर में एक बंदी से जेल अधीक्षक के कमरे में दिग्विजय सिंह की मुलाकात के मामले में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने जेल अधीक्षक को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। जेल में दिग्विजय सिंह की बंदी से मुलाकात का वीडियो वायरल होने पर यह कार्रवाई की गई। वहीं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने कहा कि प्रदेश को बदनाम करने के लिए और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के लिए दिग्विजय सिंह पर कार्यवाही किये जाने के लिए विधि विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर खरगोन मामले में एक गलत ट्वीट करने पर उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हो सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय ने एक धार्मिक स्थल पर युवक द्वारा भगवा झंडा फहराने का फोटो सहित ट्वीट किया है। वह मध्य प्रदेश का नहीं है, दिग्विजय सिंह का यह ट्वीट प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षडयंत्र है और प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की साजिश है, ये अपराध है जो क्षमा योग्य नहीं है, उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही होगी। हमारी डयूटी है कि हम प्रदेश में शांति स्थापित करें। कैबिनेट बैठक के पहले सीएम ने बताया कि प्रदेश में अब तक बारह हजार करोड़ रुपए की पंद्रह हजार चार सौ एकड़ जमीन भू माफिया से मुक्त कराई गई।

 अंतर्राष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हैं दिग्विजय: वीडी शर्मा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह के विरुद्ध जांच कराने और कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वे प्रदेश में अशांति फैलाने के लिए काम कर रहे हैं, उससे साफ हो चुका है कि वे अंतर्राष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हैं और एमपी को अस्थिर करने की पुरजोर कोशिश में विदेशी ताकतों के साथ जुटे हैं। उनके विरुद्ध गंभीर एक्शन होना चाहिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.