चरगवां में भारी विरोध, विधायक बोले- यहां हजारों उमा भारती हैं
जबलपुर। प्रदेश में शराब बंदी और शराब दुकानों का विरोध शहर के साथ ही गांव तक पहुंच गया है। चरगवां के सेमरा गांव में शराब दुकान का विरोध करने महिलाएं सड़क पर उतर आईं और विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इसी बीच वहां पहुंचे विधायक संजय यादव भी महिलाओं के साथ हो गए और शराब दुकान में ताला लगाकर चाबी महिलाओं को सौंप दी।
ढाबे के अंदर शराब दुकान खोल दी
जबलपुर शहर से लगे चरगवां के सेमरा गांव में सड़क किनारे बने शेरे पंजाब ढाबा फैमिली एंड रेस्टोरेंट में शराब दुकान खोली गई ह। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक व थाना प्रभारी से करते हुए बंद कराने की मांग की। दुकान बंद नहीं हुई तो महिलाओं ने खुद ही मोर्चा खोल दिया। विरोध प्रदर्शन की जानकारी चरगवां थाना प्रभारी विनोद पाठक के साथ विधायक संजय यादव को लगी तो वे भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने स्थानीय लोगों से ताला मंगाया और दुकान में ताला लगाकर चाबी महिलाओं को सौंप दी। बरगी विधायक संजय यादव के बताया कि सैकड़ों महिलाएं शराब दुकान बंद कराने को लेकर 4 घंटे से बैठी थीं। ढाबे के अंदर शराब दुकान खोल दी गई है। गांव के अंदर शराब दुकानें होगी, तो समाज नशा मुक्त कैसे बनेगा। विधायक ने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार गांव-गांव शराब बेच रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है। शिवराज सरकार ने उमा भारती को शांत कर दिया, लेकिन क्षेत्र में हजारों उमा भारती हैं, जो शांत नहीं बैठेंगी। थाना प्रभारी विनोद पाठक ने बताया कि सेमरा गांव में महेंद्र गोस्वामी के ढाबे में रेस्टोरेंट के अंदर अवैध तरीके से शराब दुकान खोली जा रही थी। शराब दुकानदार ने स्थल बदलने से पहले थाने में भी सूचना नहीं दी। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
