निगरानीशुदा बदमाश था, कई घरों में की चोरी
जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के तलाड़ गांव में चोरी करने घर में घुसे 29 वर्षीय युवक को ग्रामीणों ने घेर कर पकड़ लिया और लाठी से पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस को डायल-100 के माध्यम से एक युवक के मरणासन्न हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। टीआई गिरीश धुव्रे ने बताया कि युवक की पहचान राजेश उर्फ गुड्डू कोल के रूप में हुई जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अर्धबेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया, मौत
मृतक राजेश निगरानीशुदा बदमाश बताया जाता है। वह तलाड गांव में चोरी करने एक घर में घुसा था। घरवालों को भनक लग गई और उसे घेर कर दबोच लिया। शोर सुनकर गांव वाले पहुंचे तो लाठी-डंडों से उसकी ऐसी पिटाई की कि अस्पताल पहुंचने के दो घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। सिहोरा पुलिस मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार की सुबह 7 बजे तलाड़ गांव से डायल-100 पर सूचना मिली कि एक युवक मरणासन्न हालत में पड़ा है। पुलिस ने उसे अर्धबेहोशी की हालत में सिहोरा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सुबह 9 बजे उसकी मौत हो गई। इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक राजेश कोल के बदन पर मारपीट के गंभीर चोट के निशान थे। राजेश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार के लोगों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि तलाड़ गांव के लोगों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। गांव वालों का कहना है कि चोरी करने घुसा राजेश भागते समय छत से गिरकर घायल हो गया था। सिहोरा पुलिस ने मर्ग पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पीएम के बाद उसका शव घर वालों को सौंप दिया गया। एएसपी शिवेश सिंह बघेल के मुताबिक पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। युवक अपराधिक प्रवृत्ति का है और सिहोरा थाने का निगरानीशुदा बदमाश था।
