परेशान टीचर ने की थी शिकायत, 10 माह बाद पकड़ा आरोपी
इंदौर। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों की सक्रियता मानसिक विकृति पैदा कर रही है। इंदौर में ऐसा एक मामला पुलिस की जांच के 10 माह बाद सामने आया जिसमें 16 साल का स्कूली बालक 28 साल की टीचर को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। 9 वीं कक्षा के बालक टीचर से आकर्षित था और जब टीचर ने उससे बात नहीं की तो वह अश्लील मैसेज भेजकर धमकी देने लगा कि वह उनकी फोटो एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल कर देगा। परेशान टीचर ने पुलिस में शिकायत की थी जिसके बाद हुई पड़ताल में आरोपी उनका ही स्टूडेंट निकला।
बालक बोला-टीचर को बहुत पसंद करता हूं
इंदौर पुलिस की सायबर सेल को जून 2021 में महिला टीचर ने शिकायत दी थी कि उनके मोबाइल फोन इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर अज्ञात नंबर से मैसेज भेजकर बात करने कहा जाता है। उसने जब इग्नोर किया तो अश्लील मैसेज भेजे जाने लगे। जब उसे रोका गया तो मैसेज भेजने वाला बात नहीं करने पर उसके अश्लील फोटो एडिट कर उसे वायरल करने की धमकी देता है। मामले की जांच करने के बाद सांवेर से एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पिता के साथ उसे जब साइबर सेल लाया गया तो बच्चे ने स्वीकार किया कि वह टीचर को बहुत पसंद करता है और उनसे बात करने के लिए फर्जी नाम से इंस्ट्राग्राम पर आईडी बनाई थी। सायबर सेल ने उसका मोबाइल और सिम जब्त कर उसे काउंसलिंग के लिए भेजा दिया। इस प्रकरण में आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को 10 माह लग गए। बताया गया कि शिकायत मिलने के बाद इंस्टाग्राम पर मेल कर उक्त आईडी के बारे में जानकारी मांगी थी। इसमें करीब दस माह का समय लगा। जानकारी मिलने के बाद उक्त आईडी को जिस सिम से बनाया गया था। साइबर पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई और आरोपी तक पहुंच गई।
