Type Here to Get Search Results !

मक्कानगर में रात 3 बजे चाकू मारकर युवक का कत्ल, क्षेत्र में सनसनी, हमलावर फरार

20 दिन पहले जन्मे बच्चे के सिर से उठा पिता का साया 

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के मक्का नगर गली नंबर-4 में रात करीब 3 बजे एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। घनी बस्ती के बीच हुई हत्या की वारदात के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर एफएसएल टीम के साथ हनुमानताल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक जांच करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच करते हुए फरार हमलावर की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है। हनुमानताल टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि मक्का नगर निवासी मोहम्मद मुख्तार का 22 वर्षीय बेटा दिलशान रात करीब 2:30 बजे दूध लेने गया था। दिलशान दूध लेकर वापस आ रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाला अजय रैकवार उर्फ नसीम बेवजह गालीगलौज करने लगा। दिलशान के विरोध करने पर आगबबूला हुए अजय रैकवार ने चाकू से उसके सीने पर हमला कर दिया। सीने में चाकू लगते ही दिलशान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन दिलशान को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के संबंध में पुलिस मृतक के परिजन, पड़ोसी एवं फरार आरोपी के परिचितों से पूछताछ कर रही है। मृतक दिलशान के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि पड़ोस में रहने वाला अजय रैकवार जरा-जरा सी बात पर दिलशान से हमेशा गालीगलौज करता था।

 डेढ़ साल पहले बेवा से शादी कर अजय बन गया नसीम

हत्या का आरोपी अजय रैकवार उर्फ नसीम ने डेढ़ साल पहले विधवा शबाना बेगम से विवाह किया था। शबाना से शादी करने के बाद ही अजय अपने नाम के साथ नसीम भी लिखने लगा था। अजय-शबाना की एक बेटी भी है। बताया जाता है कि 20 दिन पहले ही दिलशान की पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। पिता बनने के बाद से दिलशान बहुत खुश था। दिलशान की मोहल्ले में किसी से बुराई नहीं थी। वह बक्सा-पेटी का बनाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.