आईजी-डीआईजी बोले ‘वेलडन’, एसपी बोले- हर स्थिति से निपटने तैयार ’
बलवा ड्रिल में भीड़ को चेतावनी देने के लिए शब्दों के चयन की ट्रेनिंग-
जबलपुर। उपद्रवियों की भीड़ को नियंत्रित करने चंद मिनट में जुटी पुलिस फोर्स ने त्वरित एक्शन लेते हुए सुनियोजित तरीके से लाठी चलाई। वहीं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने उपद्रवियों पर टीयर गैस गन से गोले दागे। देखते ही देखते पुलिस फोर्स ने दंगाइयों की भीड़ को नियंत्रित कर लिया। ये सब हुआ पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में, जहां बलवा ड्रिल परेड की रिहर्सल चल रही थी।
एसपी के सामने चंद सेकंड में जोड़ी इंसास रायफल
आम जनता की सुरक्षा एवं आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल परेड की रिहर्सल हुई। रिहर्सल में दंगाई बने पुलिस कर्मचारियों को तितर-बितर करने के लिए टीयर गन एवं वज्र वाहन से अश्रु गैस के गोले चलाए गए, वाटर कैनन से पानी की बौछार कर दंगाईयों को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने सुरक्षित रहकर लाठी चार्ज करते हुए दंगाइयों को खदेड़ दिया। एडीजी/आईजी जबलपुर जोन उमेश जोगा, डीआईजी आरआर सिंह परिहार एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारियों के अनुशासन, कौशल और हौसले की तारीफ की। इस मौके पर एएसपी संजय अग्रवाल, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी, सभी थाना प्रभारी थाना बल के साथ परेड में उपस्थित रहे। बलवा ड्रिल परेड में पुलिस आरक्षकों ने एसपी सिद्धार्थ बहगुणा के सामने चंद सेकंड में इसांस रायफल को खोलकर पुन: जोड़ दिया।
थाना प्रभारियों के वाहन किए गए चेक
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने लाठी एवं डंडे तथा आर्मस् का उपयोग किन परिस्थितियों में एवं किस प्रकार करना है इसके संबंध में विस्तार से समझाइश देते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है, हमें इस बात का ध्यान रखना है कि आम नागरिक को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो। प्रत्येक कार्रवाई नियमों के अंतर्गत पूरी निष्पक्षता से करें। आप सभी ने अभी तक कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने में आप सभी सक्षम हैं एैसा मुङो विश्वास है। बलवा ड्रिल की रिहर्सल के दौरान एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सभी अधिकारी- कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था स्थिति के दौरान, बाडीगार्ड हैलमेट एवं जाली अवश्य धारण करें ताकि भीड़ द्वारा हमला एवं पथराव होने की स्थिति में घायल होने से बचा जा सके। कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने सभी सीएसपी एवं थाना प्रभारियों के वाहनों को भी मौके पर चेक करते हुए दिशा-निर्देश दिए हैं।