ग्वारीघाट में रामलला मंदिर के समीप हादसा, नशे में धुत कार चालक भागा
जबलपुर। ग्वारीघाट थानांतर्गत रामलला मंदिर के पास सड़क किनारे बैठे तीन लोगों पर एक बेलगाम कार चढ़ गई। घटना में तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार हेतु निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया, कि बीती रात एक बजे रामलला मंदिर के पास रहने वाले राजेंद्र चौधरी, रुकमणि बर्मन और सुनीता ठाकुर रोड किनारे पट्टी पर बैठकर बात कर रहे थे। उसी दौरान कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 2421 तेज रफ्तार से उनकी तरफ आई और इससे पहले, कि वे सभी उठ कर भाग पाते चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार उनके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में कार तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई ही साथ में उन तीनों को भी गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है, कि कार चालक नशे में धुत्त था और घटना को अंजाम देने के बाद वहां से भाग निकला।