Type Here to Get Search Results !

महंगी बिजली के खिलाफ आंदोलनकारी निकले, व्यापारियों ने बंद नहीं की दुकानें

जनता परेशान, लेकिन 2 घंटे के जबलपुर बंद में नहीं दिया समर्थन 

जबलपुर। कोरोनाकाल में बिजली के दाम बढ़ाए जाने के खिलाफ आज संयुक्त मोर्चा द्वारा किए गए मात्र दो घंटे के ‘जबलपुर बंद’ के आव्हान को सफल बनाने तपती दोपहरी में आंदोलनकारी जनता और व्यापारियों से समर्थन की अपील करने निकले। सुबह दस से दोपहर बारह बजे तक ‘जबलपुर बंद’ का आव्हान शासन-प्रशासन और विद्युत नियामक आयोग को जनता की तकलीफ से अवगत कराने किया गया जिसमें आशातीत सफलता नहीं मिली। आंदोलनकारियों को मलाल रहा कि महंगी बिजली, अनाप-शनाप बिल और बिजली कंपनियों की मनमानी से लोग त्रस्त होने की बातें करते हैं, लेकिन आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा नहीं लेते।

 कोरोनाकाल में आर्थिक संकट से जूझ रही जनता

आंदोलनकारी और संयुक्त मोर्चा के समर्थक दुकान-दुकान-घर-घर जा कर शासन और आयोग पर मनमानी का आरोप लगाते रहे। चूंकि वर्तमान समय में पहले ही धूप और गरमी चरम पर है इसलिए बाजारों में भी दोपहर के दौरान सन्नाटे का माहौल नजर आया। इसके चलते बंद का खास असर नहीं दिखा, लेकिन लोग यह जरूर कहते रहे कि आखिर पब्लिक के लिए ही तो यह आंदोलनकारी सरकार से लड़ रहे हैं। उधर आंदोलनकारियों का कहना था कि शासन-प्रशासन और विद्युत नियामक आयोग के समक्ष अनेक बार पत्रचार,धरना-प्रदर्शन ज्ञापन आदि दिए जा चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों ने मौन साध लिया। कोरोनाकाल में जब आम आदमी पहले ही आर्थिक मंदी की मार से जूझ रहा है तब ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार बढ़ा दिया गया है इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

 कई संगठनों के पदाधिकारियों का हौसला रहा बुलंद

 बंद के समर्थन में संयुक्त मोर्चा, महाकोशल चैम्बर, नगर कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी, आम आदमी पार्टी, जनता दल यू, राष्ट्रीय जनता दल,नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच, भारतीय वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन, सीनियर सिटीजन वेलफेयर संघ, पेशनर समाज, महिला समिति और किसान संगठन आदि का हौसला बुलंद रहा और उन्होने पूरी ताकत से शासन व नियामक आयोग का विरोध किया। सीलिंग पीड़ित किसान समिति ने आरोप लगाया है कि सरकार ने बिजली के रेट बढ़ाने के बाद भी प्रदेश के किसानों को राहत घोषित नहीं की है जबकि महाराष्ट्र में बिजली का रेट बढ़ाने पर विशेष राहत घोषित की गई है। इस कारण बिजली रेट बढ़ाने का विरोध करते हुए आज किए गए बंद का समर्थन किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.