रांझी पुलिस आरोपी की कर रही तलाश
जबलपुर। रांझी थानाक्षेत्र में एक बदमाश ने पहले तो नाबालिग लड़की का अपहरण किया फिर उसे अपने घर में बंधक बनाकर करीब एक माह तक उसका शारीरिक शोषण भी करता रहा। नाबालिग जैसे ही उसके कब्जे से छूटी तो उसने पूरी बात पहले अपने परिजनों को फिर उनके साथ थाने पहुंचकर पुलिस को बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया, कि थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग लड़की घर से बिना बताए कहीं गई तो फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर पतासाजी की और जब कुछ पता नहीं चला तो थाने पहुंचकर अज्ञात पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस भी नाबालिग की तलाश में जुटी थी, तभी पता चला कि बिरजू नामक युवक नाबालिग को अपने साथ भगा ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाबालिग लड़की को दस्तायाब कर लिया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया, कि बिरजू अपनी बातों में फंसाकर उसे अपने साथ घर ले गया, जहां उसने बंधक बनाकर उसके साथ रेप किया।
गोरखपुर में भी 15 वर्षीय नाबालिग लड़की गायब
इसी तरह गोरखुपर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की भी घर में सहेली के घर जाने की बात कहकर गई, तो फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस अपहरण का प्रकरण दर्ज कर नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है।
