स्थापना दिवस पर भाजपा ने बूथ स्तर तक मनाया जश्न, प्रभात फेरी और रैली में दिखा जोश
April 06, 2022
0
जबलपुर। भाजपा ने अपने 42वें स्थापना दिवस पर संभागीय मुख्यालय से लेकर बूथ-मंडल स्तर पर पार्टी ने प्रदेश कार्यालय द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत कार्यक्रम किए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद देश में सकारात्मक परिवर्तन नजर आया है। 1951 से लेकर जनसंघ और उसके बाद बनी भाजपा जिसके दो सांसद थे, वो आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। ये हमारी राष्ट्रवादी सोच, राष्ट्रवादी नीति, भारत की मजबूती संबंधी लक्ष्य के कारण हुआ है। आज भाजपा को दुनिया राष्ट्रवादी नीति और सोच के काण पहचानने लगी है, और मान्यता देने लगी है। 6 अप्रेल 1980 को बनी पार्टी अब इतनी सक्षम है कि लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी बहुमत की स्थिति है। पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक हमारे हैं। ये अहंकार का विषय नहीं ये बुजुर्गो का आशीर्वाद है जो हम सर्वस्पर्शी भाजपा सर्व व्यापी भाजपा सबका सथ सबका विकास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पूरे जिले में जगह-जगह आयोजन ................
भाजपा ने आज शहर-जिला ग्रामीण में कई कार्यक्रम किये। सुबह बाइक रैली निकाली गई, जो निर्धारित मार्गो से होती हुई दीनदयाल चौक पहुंची, जहां पं दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्याप्रण किया गया। इसके साथ पार्टी का ध्वज लहराया गया। नगरीय स्तर पर 954 बूथ और ग्रामीण स्तर पर 1175 बूथ पर आयोजन हुए। इसके साथ ही हर मंडल-जिले में भी कार्यक्रम हुए। पार्टी के शक्ति केंद्रों पर भी आयोजन हुए। इस दौरान प्रभात फेरी, पार्टी ध्वज वंदन, और पंचनिष्ठ शपथ ग्रहण हुआ। कार्यकर्ताओं ने भगवा टोपी पहनकर कर शपथ ली। नगर जिलों में दो हजार से अधिक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण करके राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने का संकल्प लिया। वहीं पार्टी के रानीताल स्थित कार्यालय में गरिमामय तरीके से स्थापना दिवस मनाया गया। नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी ने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ था, तब से लेकर आज तक भाजपा ने वे सिद्धांत नहीं छोड़े, जो उसकी पहचान रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन शक्ति के कारण आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। स्थापना दिवस समारोह में पार्टी के जनप्रतिनिधि, प्रदेश-नगर पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष सहित सभी वरिष्ठ सदस्य उपस्थित हुए।
Tags