महाकोशल प्रांत संघ चालक ने कहा-कोरोनाकाल गुजरते ही सेवा कार्य तेज
जबलपुर। कोरोनाकाल में सेवा कार्य में जुटा रहा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ संक्रमणकाल गुजरते ही फिर अन्य सेवा कार्यों में सक्रिय हो गया है। कोविड के कारण बंद हो गईं संघ की शाखाएं फिर शुरू हो गईं हैं विगत दिनों कर्णावती गुजरात में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए हैं। इसमें सामाजिक सहभागिता के जरिए समाज के सभी वर्गो का योगदान लेकर लघु और कुटीर उद्योग तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
25 से 30 वर्ष के युवा जुड़ने वालों में अधिक
यह जानकारी संघ के महाकोशल प्रांत संघ चालक डॉ. प्रदीप दुबे ने देते हुए बताया कि महाकोशल प्रांत के युवा संघ से जुड़ने तेजी से प्रयासरत हैं। संघ सभी के सहयोग से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दे रहा है। पिछले दो साल से कोरोना के कारण संघ सेवा कार्य में जुटा रहा लेकिन अब हालात सामान्य हो रहे हैं इसलिए 98.6 प्रतिशत कार्य शुरु हो गए हैं। साप्ताहिक मिलन की संख्या में वृद्धि हो गई है और दैनिक शाखाओं में 61 प्रतिशत विद्यार्थी हैं। डॉ दुबे ने बताया कि 2017 से 2021 तक संघ की वेबसाइट से संघ से जुडने वालों में 20 से 35 वर्ष के आयु वर्ग के सवा लाख युवा हैं।डॉ प्रदीप दुबे ने प्रतिनिधि सभा में स्वाबलम्बी भारत के निर्माण को लेकर पारित प्रस्ताव की जानकारी भी उन्होने दी। इस अवसर पर प्रांत सह कार्यवाह अनिरु द्ध कौरव, प्रांत सह प्रचार प्रमुख प्रशांत बाजपेई और शिवनारायण पटेल मौजूद रहे। सरकार्यवाह द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।