घमापुर में गुंडागर्दी, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर। मोहल्ले में घर से निकलकर पानी भरने गई युवती से छेड़छाड़ कर रहे शोहदे को बेटी के पिता ने रोका तो उसने चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित परिवार ने शोहदे की रिपोर्ट घमापुर थाना में दर्ज कराई है। घमापुर निवासी बल्लू वंशकार ने शिकायत में बताया, कि उसकी बेटी पानी भरने गई थी। इसी दौरान उसकी बेटी के साथ शोहदे ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। छेड़खानी का विरोध करने पर शेखर वंशकार, बाबी वंशकार, शिलेंद्र वंशकार व राजेंद्र वंशकार ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। घायल को उपचार के लिए गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया, कि बीच-बचाव करने पहुंची युवती की बुआ किरण वंशकार के हाथ में भी चाकू से वार कर दिया। आरोपियों ने भागते समय परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
