जबलपुर। पांच राज्यों में चुनाव समाप्त होते ही जैसे कि पहले से कयास लगाए जा रहे थे,पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ा दिए गए हैं, वहीं रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। पेट्रोल के दाम 88 पैसे बढ़ा दिए गए हैं और डीजल में 82 पैसों की वृद्धि हुई है। यानि 21 मार्च को जो पेट्रोल 107.21 पैसे बिका है वह आज 22 मार्च को 108.09 पैसे में मिल रहा है। इसी तरह डीजल 21 मार्च को 90.88 पैसा प्रति लीटर दिया गया जो आज 22 मार्च को 91.70 पैसा में दिया जा रहा है। मात्र दो दिन में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रलय द्वारा बढ़ा दिए गए रेट का नतीजा यह हुआ, कि लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने लाइन लगाए हैं। ऐसा माना जा रहा है, कि दो चार दिन में दाम तीन से चार रुपए तक बढ़ाए जा सकते हैं।
क्रूड महंगा, युद्ध भी कारण
बताया जा रहा है, कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड के दाम बढ़े हुए हैं इसलिए इसका असर पेट्रोलियम उत्पादों के बाजार में हुआ है। इसमें एक पहलू यूक्रेन और रुस के बीच चल रहा युद्ध भी है जिससे यह दाम प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि जानकारों की मानें तो विगत दिनों जब क्रूड का रेट बढ़ा है और उस आधार पर रेट बढ़ने की बात कही जा रही है तो हाल ही में क्रूड के दाम घटे भी हैं, इसलिए सिर्फ इस बात को आधार मान कर रेट बढ़ाए जाना जरूरी है यह नहीं मान लेना चाहिए।