Type Here to Get Search Results !

सिर्फ ओमती टीआई को ही आधी रात मिलते हैं बीच सड़क बर्थडे पार्टी मनाने वाले

पटाखों-आतिशबाजी से जीना हराम कर दिया शहर के दादा-भाइयों ने 

जबलपुर। पुलिस थाने में खड़ी ये बाइक उन साहबजादों, दादा-भाइयों की हैं जो आधी रात बड़ी ओमती क्षेत्र में झूलेलाल मंदिर के समीप बीच सड़क पर बर्थडे पार्टी मना रहे थे। यहां ओमती टीआई शिवेष प्रताप सिंह बघेल ने आतिशबाजी और पटाखों का शोर सुना और पुलिस बल के साथ हुड़दंगी युवकों को दबोचने का प्रयास किया। बर्थडे ब्वॉय सहित उसके दोस्त बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस अब बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। सवाल सिर्फ ये कि सिर्फ ओमती टीआई को ही देर रात बर्थडे पार्टी मनाने वाले क्यों मिलते हैं, जबकि शहर के हर इलाके और कॉलोनियों में ये शगल बन गया है कि रात 12 बजते ही जन्मदिन बीच सड़क पर धूम धड़ाके से मनाना है। अन्य थानों के टीआई कभी कार्रवाई नहीं करते। इससे पहले भी टीआई बघेल तैय्यबअली चौक के पास ऐसी कार्रवाई कर चुके हैं।

 करीब 100 युवकों का था जमावड़ा, 40 बाइक जब्त

बुधवार की देर रात बड़ी संख्या में घंटाघर से बाइक सवार युवक रैली की शक्ल में शोर मचाते निकले थे। ये सभी झूलेलाल मंदिर के समीप एकत्र होकर अजहर अबरार दादा नाम के शहंशाह की बर्थडे पार्टी बीच सड़क पर केक काटकर आतिशबाजी करते हुए मना रहे थे। इसी बीच ओमती टीआई शिवेष प्रताप सिंह बघेल वहां पहुंचे और साथ में रात्रि गश्त पर रहे लार्डगंज टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव, अधारताल टीआई शैलेष मिश्र व गोहलपुर टीआई अरविंद चौबे के बुला लिया। पुलिस फोर्स देखते ही बर्थडे मना रहे युवक बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने करीब 40 बाइक वहां से उठाकर थाने भिजवाई और उनके मालिकों की तलाश करने के साथ ही उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई जब्ती की कार्रवाई की। इस तरह के आयोजनों से परेशान लोग चाहकर भी पुलिस को सूचना नहीं दे पाते, क्योंकि उन्हें नाम लीक होने और उपद्रवियों से बैर लेने का भय सताता है। वहीं आधी रात को बर्थडे मनाने का चलन शहर में रोग की तरह फैल गया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.