Type Here to Get Search Results !

जबलपुर में भाजपा की युवा शक्ति की धार तेज करने मंथन, लंबे समय बाद कार्यसमिति की मेजबानी मिली

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह, वीडी शर्मा, हितानंद शर्मा व रोहित चहल देंगे मार्गदर्शन 

जबलपुर। यहां शुक्रवार को हो रही भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा की युवा शक्ति की धार तेज करने पर मंथन किया जा रहा है। यह बैठक पार्टी के रानीताल स्थित संभाग कार्यालय में होगी जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह,प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, युवा मोर्चा की प्रभारी कविता पाटीदार सहित प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार आदि युवाओं को मार्गदर्शन देंगे और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से युवाओं को जिम्मेदारी देंगे। लम्बे समय बाद जबलपुर को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक की मेजबानी का अवसर मिला है, जिसमें महानगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर व ग्रामीण अध्यक्ष राजमणि सिंह पटैल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 

 महानगर व ग्रामीण नेताओं को मिली जिम्मेदारी

बैठक की तैयारी के संदर्भ में भारतीय जनता युवा मोर्चा जबलपुर महानगर एवं ग्रामीण की संयुक्त बैठक महानगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ठाकुर एवं ग्रामीण अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल की अध्यक्षता में रानीताल कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें महानगर एवं ग्रामीण के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। इस बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर के निर्देशन में विभिन्न विषयों को लेकर चिंतन एवं कार्य विभाजन किया गया। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक लंबे वक्त बाद महाकोशल अंचल के केंद्र में आयोजित की जा रही है। युवाओं से जुड़े अधिकांश आयोजन को जबलपुर में करने के पीछे युवाओं को अधिक से अधिक प्रेरित करना है। इस बैठक में प्रदेशभर के मोर्चा पदाधिकारी शामिल होंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष वैभव पवार एवं राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल का जबलपुर पहुंचने पर युवाओं ने भव्य स्वागत किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.