जगह-जगह मिठाई बांटी, मालवीय चौक पर आम आदमी पार्टी का जयकारा
जबलपुर। जीत वहां-जश्न यहां... यही तस्वीर थी 5 राज्यों के चुनाव परिणाम आते ही जबलपुर के सियासी हलकों की। भाजपा ने 4 राज्यों में जीत का जश्न मनाते हुए जगह जगह मिठाई बांटी। पंजाब में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत ने कार्यकर्ताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया आप के नेताओं ने मालवीय चौक पर एकत्र होकर केजरीवाल के जयकारे लगाए। भाजपा ने वंशवाद-परिवारवाद की पराजय का जश्न मनाया और कहा कि भाजपा के अच्छे कार्यो पर जनता की स्वीकृति की मुहर लग गई।
सिविल लाइंस में सबसे पहले मनाया जश्न
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम जानने की जिज्ञासा यहां भी थी। जैसे ही रुझानों से स्थिति स्प्ष्ट हुई, यहां ढोल नगाड़े बजने लगे। सिविल लाइन क्षेत्र में भाजपा नेता व पूर्व एमआईसी सदस्य कमलेश अग्रवाल ने साथियों के साथ मिष्ठान बांटकर खुशी का इजहार किया। मालवीय चौक पर भी खुशी मनाने वाले भाजपाई बहुतायत में थे।
सुशासन व विकास के इरादों की जीत: राकेश सिंह
सांसद राकेश सिंह ने भाजपा को मिली एतिहासिक जीत पर कहा कि पार्टी की सरकारों के सुशासन व विकास के इरादों की विजय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास के परिणामों को देख रहा है। भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में जनता ने कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों के नेता, नीति और नारों को नकार दिया। अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि चुनाव परिणामों ने बता दिया कि जनता देश के विकास में सिर्फ भाजपा पर ही भरोसा करती है। भाजपा के प्रदेश मंत्री आशीष दुबे ने कहा कि यूपी में दोबार सरकार बनाकर भाजपा व योगी आदित्यनाथ ने इतिहास रच दिया। भाजपा देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को उन्नति के शिखर पर लेकर जाएगी।