शराबखोरी के विवाद की चर्चा, कई संदिग्धों से हो रही पूछातांछ
जबलपुर। रेत कारोबारी के दिव्यांग पुत्र राहुल सिंह का अपहरण, फिरौती और हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है। धमरपुरा के जंगल में कंकालनुमा राहुल सिंह की लाश मिलने के बाद पुलिस आधा दर्जन संदेही और संदिग्धों से सघन पूछताछ की है। पुलिस अधिकारी हत्याकांड में अहम साक्ष्य और हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त करने के लिए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस कार्रवाई के बीच क्षेत्र में ऐसी चर्चा है कि दारूखोरी के चक्कर में साथ में शराब पीने वाले आरोपियों ने राहुल सिंह की हत्या कर फिरौती का ड्रामा रचा। गौरतलब है कि मंगलवार को गोसलपुर के शंकरगढ़ कॉलोनी का निवासी एक बुजुर्ग बकरियों को चराने जंगल की ओर गया था। पहाड़ी के पास खदान के खोह वाली झाड़ियों के बीच उसके मनाव कंकाल देखा। बुजुर्ग दहशत के कारण बकरियों को वापस घर लेकर चला गया था। बुजुर्ग ने जंगल में लाश होने की चर्चा गांव वालों से की, इसके बाद इसकी सूचना पुलिस तक पहुंची। रात करीब 11: 30 बजे पुलिस बुजुर्ग को लेकर मौके पर पहुंची। कंकालनुमा लाश देखकर रेत कारोबारी पिता मलखान सिंह ने कपड़ों व जूतों के आधार पर लाश की पहचान अगवा हुए बेटे राहुल सिंह के रूप में की थी।
पिता के फोन पर आया था फिरौती का कॉल
गोसलपुर थाने में शंकरगढ़ निवासी रेत कारोबारी मलखान सिंह का 25 वर्षीय बेटा राहुल सिंह 2 मार्च की शाम घर से पान की दुकान की ओर जाने की बात कहकर निकला था। शाम करीब 7:30 बजे मलखान सिंह के मोबाइल पर राहुल के मोबाइल से कॉल आया कि तुम्हारे बेटे को अगवा कर लिया है, 15 लाख रूपए फिरौती चाहिए। पिता ने गोसलपुर थाना में मामले की जानकारी देते हुए बेटे की तलाश करने की बात कही। गोसलपुर पुलिस ने अपहरण की एफआईआर दर्ज करते हुए पड़ताल शुरू की। पुलिस जांच में जुटी रही, लेकिन अपहरणकर्ताओं का कोई दूसरा कॉल नहीं आया।