सरकारी-गैर सरकारी विभागों के साथ जुटे स्वयंसेवी संगठन
जबलपुर। एक मार्च से पांच मार्च तक ‘अंकुर’ अभियान अंतर्गत शुरु हुए पौधारोपण कार्यक्रम में सभी शासकीय विभाग और सामाजिक संगठन हरियाली के रंग में रंग गए हैं। इसमें आम, इमली, जामुन, गुलमोहर, अमरुद, नीम से लेकर फलदार और छायादार प्रजाति वाले पौधे रोपे जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आज 2 मार्च को कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, व अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर सबको इस महाभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने आव्हान किया।
जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाएं
कलेक्टर ने इस अवसर पर सभी शासकीय विभागों, नागरिकों एवं स्वैच्छिक संगठनों से पौधारोपण करने का आग्रह किया है। दरअसल पौधारोपण का महाअभियान 1 से 5 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी से अधिकाधिक पौधारोपण कर अंकुर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेश बाथम, विमलेश सिंह आदि भी शामिल हुई। इसी तारतम्य में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जबलपुर को दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप मुख्य अभियंता एमएस मौरी, अधीक्षण यंत्री एनएस भंवर और कार्यपालन यंत्री केके दीक्षित और आरके चौकसे ने कार्यालय कर्मचारियों के साथ 98 पौधे का रोपण ग्रामीण विकास संस्थान भाग-2 करमेता परिसर में किया। इस दौरान उन्होंने आम, जामुन, गुलमोहर, अशोक, सप्तपर्णी, नीम, अमलतास, करंज आदि के पौधे लगाए।
सूचना अधिकारी आशीष शुक्ला ने लगाया नीबू का पौधा
एनआईसी जबलपुर के जिला सूचना अधिकारी आशीष शुक्ला ने भी अपने घर में नीबू का पौधा लगाया। पौधारोपण के इस महाअभियान के दौरान जगह-जगह पौधारोपण किया गया। बता दें कि 1 मार्च से 5 मार्च तक अब शासकीय अमला इसी अभियान के नाम पर व्यस्त हो गया है।