Type Here to Get Search Results !

होली के हुड़दंगियों पर सख्ती बरतने एसपी ने देर रात तक दी हिदायत

पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी, सीएसपी व थाना प्रभारियों की बैठक 

जबलपुर। इस बार बिना पाबंदियों के मनाई जाने वाले होली पर्व में हुड़दंगियों पर नकेल कसने और लोगों की खुशियों में बाधा डालने वाले असमाजिक तत्वों पर सख्ती बरतने पुलिस ने प्लान बनाया है। पुलिस कंट्रोल रूम में देर रात तक चली बैठक में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने कहा कि अपराधी, बदमाश, शराबी और शरारती तत्वों पर सतत नजर रखें। मूर्तिकारों/शिल्पकारों की तत्काल थानावार बैठक लेते हुए उन्हें बताएं कि ऐसी किसी भी प्रकार की मूर्ति/झांकी का निर्माण न करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक होलिका प्रतिमाएं पारम्परिक स्थानों पर ही रखी जाएं। बैठक में एएसपी गोपाल प्रसाद खांडेल, एएसपी संजय कुमार अग्रवाल, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और शहर/देहात थाना प्रभारी मौजूद रहे। 

 विवाद के लिए चिन्हित स्थानों पर पहले हो नजर

 बैठक में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने कहा कि बीते 5 वर्षो में होली के दौरान जहां-जहां विवाद हुए हैं, उनके आपराधिक रिकार्ड को दृष्टिगत रखते हुए सभी के विरूद्ध अनिवार्य रूप से प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर सभी का फायनल बाउंड ओवर कराएं। बंधपत्र का उल्लंघन करने पर उनके विरूद्ध धारा 122 के तहत कार्रवाई करें। चिन्हित विवादित स्थलों में आवश्यक रूप से भ्रमण कर सूचनातंत्र मजबूत करें। क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी असामाजिक गतिविधियों की जानकारी थाना प्रभारी को तुरंत मिले। एसपी ने थाना प्रभारियों से कहा कि थाना स्तर पर होलिका उत्सव समितियों एवं शांति समिति की बैठक आपके द्वारा ली गई है, बैठक दौरान जो भी सुझाव आए थे उस पर अमल करें। समस्या पुलिस से संबंधित है तो उसका तत्काल निराकरण करें, यदि किसी अन्य विभाग से संबंधित है तो संबंधित विभाग से चर्चा कर उसका निराकरण कराएं। पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष होना चाहिए ,हमारा प्रमुख उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मोहल्ला समिति, नगर रक्षा समिति , ग्राम रक्षा समिति का व्यवस्था बनाने में पूरा सहयोग लें, जो भी अच्छा कार्य करते है, उन्हें पुरस्कृत कराएं।

 नर्मदा नदी सहित अन्य नदी के घाट व तालाब पर तैनाती

धुरेड़ी के दिन ग्वारीघाट, तिलवारा घाट, भेड़ाघाट एवं स्थानीय तालाब तथा नदी के अन्य घाटों पर लोग नहाने जाते हैं, सभी स्थानों पर होमगार्ड व स्थानीय तैराकों की व्यवस्था की जाए। राजिपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी सुनिश्चित करें कि शासकीय वाहन दुरूस्त हालत में हों, वाहन में कोई कमी है तो तत्काल ठीक करा लें, वाहनों में बलवा ड्रिल सामाग्री, टियर गैस सामग्री, टार्च, रस्सा, वीडियो कैमरा आवश्यक रूप से रखें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.