भोपाल। विधानसभा का बजट सत्र सात मार्च से शुरू होगा। 25 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल तेरह बैठकें होंगी। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत होगी। दूसरे दिन दिवंगतों को श्रृद्धांजलि दी जाएगी और तीसरे दिन नौ मार्च को विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट पेश करेंगे। इस बार भी ढाई लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश किया जाएगा। बजट में सड़क, बिजली, पानी, इन्फ्रास्ट्रर, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सीएम कन्यादान, सीएम निकाह और सरकार की योजनाओं के लिए बजट पेश किया जाएगा। सत्र के लिए सर्वदलीय बैठक: बजट सत्र सुचारू रूप से चल सके इसे लेकर रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सभी दलों के नेताओं से कहा कि सत्र चलाना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्र, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, सचेतक डॉ. गोविंद सिंह, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी प्रजापति शामिल हुए।
बजट के पहले 2 हजार करोड़ का कर्ज लेगी शिवराज सरकार
सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के सत्र में 9 मार्च को राज्य सरकार का बजट पेश हो जाएगा। इसके पहले सरकार खुले बाजार से दो हजार करोड़ का कर्ज लेगी।