बरेला में शादी समारोह में पहचान, रेप कर शादी से मुकरा युवक
जबलपुर। तिलवारा निवासी दो बच्चों की मां को स्मार्ट सिटी ऑफिस में कार्य करते हुए वहां के विवाहित कर्मचारी से प्रेम हो गया। दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए फिर शादी से इंकार करने पर महिला ने रेप की एफआईआर दर्ज कराई। इसी तरह बरेला में एक शादी समारोह में युवती की पहचान युवक से हुई, उसने रेप करने के बाद शादी से इंकार कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। तिलवारा पुलिस ने बताया कि मायके में रहकर स्मार्ट सिटी कार्यालय में काम करने वाली महिला से उसी कार्यालय में काम करने वाले दिलीप झारिया ने शादी का झांसा देते हुए शरीरिक संबंध बना लिए। आरोपी कुछ माह बाद शादी करने की बात कहते हुए उसके साथ संबंध बनाता रहा। महिला ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर तिलवारा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल पर बात करते प्यार हो गया
बरेला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात एक शादी समारोह में अपने एक रिश्तेदार से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातें होने लगीं और दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। कुछ समय बाद युवक ने युवती को कृपाल चौक वाले किराए के मकान में बुलाया और फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद शादी करने से इंकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।