गोसलपुर में वारदात से सनसनी, पुलिस ने हर एंगल से शुरू की पड़ताल
जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र के जुझारी शांतिनगर में रेत ठेकेदार के 25 वर्षीय बेटे का अपहरण कर मोबाइल फोन पर 15 लाख फिरौती मांगी। अपहरणकर्ताओं ने पुलिस को सूचना न देने की धमकी भी दी। मोबाइल पर कॉल आने के बाद घबराए पिता ने गोसलपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराते हुए बेटे को सुरक्षित दस्तयाब करने की गुहार लगाई है। पिता की शिकायत पर गोसलपुर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध धारा 365 का अपराध दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक की खोजबीन के लिए क्राइम ब्रांच, सायबर सेल सहित गोसलपुर एवं अन्य थाना के पुलिस बल को अधिकारियों द्वारा लगाया गया है। पुलिस की टीम अपहरित हुए युवक के संपर्क में रहने वाले दोस्तों सहित अन्य संदेहियों से सघन पूछताछ कर रही है।
पुलिस बयानों को क्रास चेक कर रही
गोसलपुर पुलिस ने बताया कि शांतिनगर जुझारी निवासी मलखान सिंह पटेल रेत कारोबार से जुड़े हैं। बुधवार शाम मलखान सिंह का 25 वर्षीय बेटा राहुल सिंह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। शाम को अंधेरा होने पर राहुल की खोजबीन परिजनों द्वारा की गई, वह शांतिनगर में नहीं मिला तो परिजनों ने सोचा कि गोसलपुर की ओर चला गया होगा। रात में पिता मलखान सिंह के मोबाइल पर कॉल आया और बात करने वाले ने कहा कि तुम्हारा बेटा राहुल हमारे पास है। बेटा चाहिए तो 15 लाख रुपए की व्यवस्था कर लो। फिरौती के लिए फोन आने के बाद पटेल परिवार सहित पड़ोसियों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि करीब 2 साल पहले राहुल को पैरालिसिस हो गया था। लंबे उपचार के बाद राहुल का एक पैर और एक हाथ कमजोर हो गया था। राहुल का अपहरण होने की खबर सुबह क्षेत्र में आग की तरह फैली और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। इधर पुलिस की एक टीम पिता मलखान सिंह के दावे और बयानों को भी क्र ास चेक कर रही है। वहीं रेत के धंधे में उनसे प्रतिस्पर्धा रखने वालों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है।