संजीवनी नगर स्थित साईं कॉलोनी में वारदात
जबलपुर। संजीवनी नगर थानांतर्गत साईं कॉलोनी स्थित एक सूने घर में चोर ने धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवरात, नगदी सहित अन्य कीमती सामान पार कर दिया। घटना के वक्त मकान मालिक परिवार सहित सागर गया हुआ था। वहां से वापस आने के बाद जब उसने अपने घर की हालत देखी तो उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। साईं कॉलोनी मकान नंबर 38 में रहने वाले आकाश जैन ने बताया, कि वह पेशे से एलआईसी एजेंट हैं। बीती 1 फरवरी को घर पर ताला डालकर वह परिवार सहित अपनी ससुराल सागर गया था। चार दिन बाद 5 फरवरी की सुबह जब वह वापस आया और मेन गेट का ताला खोलकर जैसे ही अंदर घुसा तो उसने देखा कि दरवाजा का कुंदा टूटा हुआ है। मन में चोरी की शंका लिए परिजन अंदर घुसे तो पूर घर फैला हुआ था। आकाश ने अलमारी देखी तो उसमें रखा करीब 8 से 10 तोला सोना, चांदी के सिक्के, कुछ रुपए व अन्य सामान गायब था।
डीवीआर समझकर सेटऑप बाक्स ले गया
आकाश ने बताया, कि उनके घर में जो चोर घुसा था, उसने घटना को अंजाम देने के बाद डीवीआर समझकर सेटऑप बाक्स, स्टेपलाइजर सहित अन्य जितने भी बॉक्स थे, सब चुरा लिए, लेकिन डीवीआर नहीं ले जा पाया। वापस आकर आकाश ने जब फुटेज खंगाली तो 3 फरवरी की रात एक युवक घर में घुसते हुए दिखाई दे रहा है, जिसने चेहरे को कवर करने के लिए मफलर लगाया हुआ है और कई बार उसका चेहरा दिखा भी, लेकिन फुटेज में क्लीयर नहीं आया। पुलिस हुलिए के आधार पर व क्षेत्र के अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर चोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पड़ोसियों को नहीं लगी भनक
आकाश के घर में घुसने के लिए चोर ने मेन गेट का ताला नहीं तोड़ा, बल्कि गेट या दीवार फांदकर अंदर घुसा। मेन गेट का ताला लटका देखा अगल-बगल के लोगों को भी चोरी की जरा भी भनक नहीं लगी। घटना के बाद से आस-पास के लोग भी घर को खाली छोड़ने में कतरा रहे हैं।