राज्य शासन के अतिथि ने की मां नर्मदा की महाआरती
जबलपुर। संस्कारधानी पधारे श्रृंगेरी (कर्नाटक) श्री योगा नंदेश्वर उपपीठ मैसूर के पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री श्री शंकर भारती महाराज जी साकेत धाम ग्वारीघाट पहुंचने पर स्वामी गिरिशानंद महाराज की अगुवाई में भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी एवं शल्य चिकित्सक व नगर संयोजक डॉ.जितेंद्र जामदार ने परम जगतगुरु स्वामी शंकर भारती जी को कलश भेंट किया। कार्यक्र म में प्रारंभिक द्वार से नर्मदा मंडल के मण्डल अध्यक्ष कौशल सूरी के मार्गदर्शन में अनेक युवाओं ने पुष्प वर्षा की, वहीं साकेत धाम आश्रम में पीतवस्त्र धारी बटुकों द्वारा स्वस्तिवाचन किया गया।
मुक्तानंद गिरी महाराज ने किया हिंदी अनुवाद
जगतगुरु श्री श्री शंकर भारती महाराज ने मां नर्मदा के उमा घाट पर मां नर्मदा की महाआरती की और कहा कि आद्य गुरु शंकराचार्य ने जो 72 कार्य किए थे उनका शुभारंभ भी मां नर्मदा के तट से ही प्रारंभ किया था। हम भी इसी परंपरा के प्रहरी है इसलिए संस्कारधानी पहुंचकर सर्वप्रथम मां नर्मदा को मैं प्रणाम करता हूं और आप सब के हृदय में विराजमान नारायण को भी मैं प्रणाम करता हूं। मां नर्मदा आरती के संयोजक ओंकार दुबे ने जगतगुरु के कर कमलों से आरती प्रचलित कराई। महाराज जी के संस्कृत भाषी उद्बोधन का वेदांत केसरी मुक्तानंदिगरी महाराज(अलबर) ने हिंदी अनुवाद किया। इस अवसर पर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि महाराज,स्वामी गिरिशानंद महाराज एवं संत भैया जी सरकार भी उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश शासन के राज्य अतिथि जगतगुरु का भव्य स्वागत डॉ जितेंद्र जामदार , रूपा राव,संदीप जैन , नितिन भाटिया, कौशल सूरी, संजय यादव, अमर मिश्र, मनीष दुबे, संजय नाहतकर, अमित पांडे, विक्र म परवार, आदि ने किया।