पति-पत्नी बनकर मैरिज हॉल की रैकी कर वारदात को दिया अंजाम
जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में स्थित मैरिज हॉल से शातिर युवक व युवती ने जेवर व अन्य सामग्री से भरी अटैची पार कर दी। दिखने और बातचीत में संभ्रांत यह जोड़ा फिल्म बंटी बबली की तर्ज पर चोरी करने अग्रसेन मंडपम पहुंचा था। मौका पाते ही दोनों ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गए जिसमें करीब 3 लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के जेवर रखे थे। बंटी-बबली अटैची ले जाते मैरिज हॉल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
सबके सामने से निकल गए युवक-युवती
बताया जाता है कि मैरिज हॉल में आयोजित शादी समारोह में शहपुरा निवासी रानू बरसैया पत्नी के साथ आए थे। जयमाला कार्यक्रम होने के बाद रानू की पत्नी ने ज्वेलरी उतारकर ट्राली बैग में रख दी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहनकर अन्य रस्म में शामिल होने चली गई। इसी बीच कथित बंटी-बबली अग्रसेन मंडपम के कार्यालय पहुंचे और शादी के लिए बुक करने की बात कहते हुए रूम व हॉल दिखाने कहा। वे मैरिज हॉल के कर्मचारी के साथ यहां-वहां देखते रहे और रानू का कमरा भी देखकर रैकी कर ली। इसके बाद वे कब ट्राली बैग लेकर चंपत हो गए किसी को पता नहीं चला। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो खलबली मच गई और जब सीसीटीवी कैमरा देखा गया तो युवक-युवती सबके बीच से जाते हुए दिखे। घटना की जानकारी मिलने पर सीएसपी तुषार सिंह मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश करने के निर्देश दिए। विजय नगर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।