खमरिया पुलिस ने दर्ज की हत्या के प्रयास की एफआईआर
जबलपुर। सहपाठी छात्र को एग्जाम के बाद साइकिल पर बैठाकर उसके घर छोड़ने जा रहे नाबालिग लड़के को उसके ही गांव के लड़के ने चाकू मारकर घायल कर दिया। दसवीं की परीक्षा का पेपर समाप्त होने के बाद लड़की ने उससे घर छोड़ने का आग्रह किया था। साइकिल पर बैठे देख अमन पटैल ने आपत्ति की और विवाद कर चाकू मार दिया। घायल लड़के की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज करते हुए हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। खमरिया पुलिस ने बताया कि 10वीं का पेपर देने के बाद रिठौरी निवासी गोलू साथ में पेपर दे रही छात्र को अपनी साइकिल में बैठाकर उसके गांव छोड़ने गया था। छात्र का गांव गोलू के गांव से कुछ दूरी पर ही है। छात्र-छात्र को लेकर बंधी गांव पहुंचा तभी बंधी का रहने वाले अमन पटैल ने साइकिल रोक ली। गोलू ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो अमन ने कहा, कि तुम अपनी साइकिल में लड़की को क्यों बैठाकर लाए हो। गोलू ने विरोध करते हुए कहा, कि तेरे को क्या लेना देना, वह हमारे साथ पढ़ती है। परीक्षा सेंटर से पैदल लौट रही थी, तो उसे साथ में ले आया। गोलू की बात सुनते ही अमन ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में गोलू लहूलुहान हो गया और आरोपी मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस अमन को पकड़ने गांव पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
घर में बैठी नाबालिग से शोहदे ने की छेड़छाड़
घर के आंगन में बैठी 15 साल की नाबालिग लड़की को शोहदे ने बुरी नीयत से पकड़ लिया। लड़की के विरोध करने पर युवक ने शरीरिक छेड़छाड़ करते हुए उसकी बहन को थप्पड़ मारकर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। नाबालिग लड़की की शिकायत पर पनागर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध 354, 354 (क) 294, 323, 506 एवं 7/8 पाक्सो एक्ट अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। पनागर पुलिस ने बताया, कि 15 साल की लड़की अपने घर पर थी, तभी छीनामानी गांव का रहने वाला दिलीप बर्मन आया और हाथ पकड़कर अश्लीलता करने लगा। दिलीप ने धमकाते हुए कहा, कि मेरा कहना मान जा नहीं तो तेरी बहन की बेटी को मारूंगा। किशोरी के विरोध करने पर मौके पर उसकी बड़ी बहन आ गई तो आरोपी दिलीप बर्मन ने जान से मारने की धमकी देते हुए थप्पड़ मार दिया। बचाव के लिए पड़ोसियों को आवाज दी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।