Type Here to Get Search Results !

कटी मुंडी का राज खुला, जादू-टोना के शक पर किसान का सिर काटकर खेत में गड़ाया

पुलिस की पड़ताल 80 दिन चली, पकड़े गए 5 आरोपी 

जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के ग्राम परासिया ङिारी में खेत की तकवारी कर रहे बुजुर्ग किसान की सिर काटकर हत्या करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 80 दिन चली पड़ताल के बाद पुलिस ने हत्या का राज खोल दिया। मां एवं बहन की बीमारी ठीक न होने से झाड़फूंक करने वाले गया प्रसाद की हत्या कर सिर खेत के समीप बनी गौशाला में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात के वक्त पहने हुए खून लगे कपड़े, 3 बका, 1 रॉड, 1 कुदाल, मृतक का पर्स जब्त किया है। 

टूटे हुए बेंत ने पहुंचाया हत्या के आरोपियों तक

एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर हत्याकांड की पड़ताल करने वाले अधिकारियों को सूचना मिली, कि बकानुमा जराही हथियार का टूटा हुआ बेंत मिला है, जो परासिया ङिारी के विजय कुमार बरकड़े का है। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने पिता एवं अपने साथियों के साथ मिलकर जादू टोना के शक पर गया प्रसाद की हत्या करना स्वीकार कर बताया, कि उसकी मां और बहन हमेशा बीमार रहती हैं, जिनका देशी इलाज एवं झाड़ फूंक कराते हैं तो कुछ दिन ठीक रहती हैं, फिर तबीयत खराब हो जाती है। गांव में चर्चा थी कि गांव का गया प्रसाद चोरी छिपे जादू टोना कर लोगों को परेशान करता है। विजय के कुछ साथी भी अपने परिजनों की बीमारी से परेशान थे। पांचों आरोपियों ने मड़ई मेला के दिन मड़ई समाप्त होने के बाद गया प्रसाद की हत्या करने का प्लान बनाया।

 टपरिया से घसीटकर लाए और काट दी गर्दन

गया प्रसाद खेत मे बनी टपरिया में सोया था। फागूलाल और जगराम टपरिया से गया प्रसाद को घसीट कर बाहर लाए। सभी ने धारदार हथियार बका, सब्बल, रॉड से गया प्रसाद पर हमला कर दिया। हमला करते समय बके की बांस की बेंट टूट कर वहीं गिर गई। गया प्रसाद की हत्या करने के बाद बका से गर्दन काट दी एवं कटी हुई मुंडी बाल से पकड़कर उठाकर मिट्टी में दबा दी। हत्यारों ने मृतक के जेब से पर्स निकाल लिया, जिसमें 430 रुपए एवं आधारकार्ड रखा हुआ था। मृतक गया प्रसाद कुशराम के भांजे 21 वर्षीय अमर मरावी ने पुलिस को बताया था, कि उसके मामा 28 नवम्बर 2021 की रात में फसल की रखवाली के लिए खेत में ही सोते थे। बीती रात भी मामा रोज की तरह खेत में सोने गए थे। 29 नवम्बर की सुबह गांव वालों ने खेत पर गया प्रसाद की सिर कटी लाश देखी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

 पुलिस गिरफ्त में आए ये 5 आरोपी

 विजय कुमार बरकड़े पिता शंकरलाल बरकड़े 24 वर्ष निवासी ग्राम परासिया ङिारी थाना तिलवारा, शंकरलाल बरकड़े पिता बक्तूलाल बरकड़े 48 वर्ष, शिवकुमार उर्फ भूरा मर्रापा (गोंड ) पिता हिम्मत लाल 34 वर्ष, अखिलेश उर्फ फागूलाल नरेती पिता बलीराम नरेती 26 वर्ष एवं जगराम सोयाम पिता मद्दूलाल सोयाम 26 वर्ष सभी निवासी ग्राम परासिया ङिारी थाना तिलवारा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 हत्याकांड का खुलासा करने में इनकी भूमिका अहम

 हत्यारों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी तिलवारा लेखराम नादौनिया, थाना प्रभारी चरगवां विनोद पाठक, उप निरीक्षक विनोद कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक, आरक्षक हरीश डेहरिया, हरि सिंह राजपूत, जय कुमार ,आरक्षक सोनू कुमार, राहुल नादौनिया की सराहनीय भूमिका रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.