श्योपुर, 15 फरवरी 2022
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने अनुभूति कार्यक्रम अंतर्गत देव-खो पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण के संदेश के शक्तिशाली प्रचारक सिद्ध होगें। इसी अवधारणा पर अनुभूति कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है। वन विभाग द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं में वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए देव-खो पर आयोजित अनुभूति कार्यक्रम में डीएफओ सामान्य वन मंडल श्री सीएस चौहान, अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह, एसडीएम श्री लोकेन्द्र सरल, डीपीओ महिला बाल विकास श्री ओपी पाण्डेय, नायब तहसीलदार श्री नवलकिशोर जाटव एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि जनसामान्य में वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित किया जाना बहुत जरूरी है। जागरूक समाज ही प्राकृति एवं जैव विविधता संरक्षण के मार्ग को प्रशस्त कर सकता है। स्कूली विद्यार्थियों की इस संकल्प की पूर्ति में अहम भूमिका है। स्कूली विद्यार्थियों को वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश का प्रभावशाली संवाहक माना गया है। यदि स्कूली विद्यार्थी पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी व्यवहार रखते है, तो समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता स्वत ही विकसित होती है। उन्होने बच्चों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहकर प्रकृति के संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। साथ ही अपने घर, परिवार एवं साथियों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर डीएफओ सामान्य वन मंडल श्री सीएस चौहान द्वारा स्कूली विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य की जानकारी एवं अनुभवों के माध्यम से परिस्थितिकीय तंत्र के घटकों की व्याख्या, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, पक्षी दर्शन, वन औषधि एवं वन प्रबंध की सामान्य जानकारी एवं अनुभव से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वन्यजीवों की पहचान के लिए पुस्तको के साथ ही फोल्डर, कैप आदि का वितरण किया गया। पर्यावरण पर आधारित एक परीक्षा का आयोजन भी किया गया, जिसमें पर्यावरण जागरूकता से संबंधित प्रश्न पूछे गये। विद्यार्थियों को कार्यक्रम के अंत में प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।
*सम्पूर्ण समाचारो के लिए न्याय क्षेत्र भोपाल होगा समाचार का माध्यम मध्य प्रदेश जनसम्पर्क है
