Type Here to Get Search Results !

गृहमंत्री से बोले कांग्रेस नेता-विदिशा में अपराधियों को संरक्षण दे रही पुलिस

जबलपुर पुलिस की तारीफ की, लूट के शिकार व्यापारी को नहीं मिला न्याय 

 जबलपुर। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र से सुबह सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मिलने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव भी पहुंचे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कर्मस्थली विदिशा में अपराधियों को पुलिस का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने जबलपुर पुलिस की एटीएम लूट और हत्याकांड में सफलता मिलने पर तारीफ की, लेकिन विदिशा कांड में पीड़ित जबलपुर के व्यापारी का दर्द भी बताया। गृह मंत्री को दिनेश यादव ने बताया कि विदिशा में लूट के आरोपियों और ट्रक को कार्रवाई किए बगैर और अदालत से अनुमति लिए बिना छोड़ दिया। पिछले साल अप्रेल में कोरोनाकाल के दौरान जबलपुर के निवाड़गंज गल्ला बाजार की फर्म अखिल ट्रेडर्स खंडेलवाल बंधुओं द्वारा इंदौर से जबलपुर के लिए एक ट्रक खाद्य तेल खरीदा गया था। 22 अप्रेल 2021 को विदिशा के त्यौंदा थाना क्षेत्र में ट्रक मालिक और ड्राइवर की मदद से 21 लाख का तेल चुरा लिया गया और खाली ट्रक में आग लगा दी। इसकी रिपोर्ट जबलपुर के व्यापारी ने विदिशा पहुंच कर की और एसपी सहित अन्य अधिकारियों से भी सम्पर्क किया। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होती देख 18 नवम्बर 2021 को पुलिस महानिदेशक को भी आवेदन दिया गया है। इसलिए शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाए अन्यथा हम न्यायालय की शरण जाने बाध्य हैं।

 कलेक्टर-एसपी सहित भाजपा नेताओं ने की मुलाकात

सर्किट हाउस में भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, संजय यादव जय सचदेवा,मुजम्म्लि अली सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भी गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र से मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भी गृहमंत्री से मुलाकात कर चर्चा की। इसके बाद गृह मंत्री स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत के लिए रवाना हो गए।

 मीडिया वाले हो....धन्यवाद तो दीजिए जबलपुर पुलिस को 

कानून व्यवस्था और अपराधियों के बारे में किए गए सवाल पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र चिरपरिचित अंदाज में बोले कि आप मीडिया वाले हो, मैं इसका जवाब भी दूंगा, लेकिन आप लोग जबलपुर पुलिस को धन्यवाद दीजिए जिसने इतनी बड़ी रॉबरी का खुलासा किया है और पूरा माल बरामद कर लिया। वारदात में मोबाइल तक की कोई डिटेल नहीं थी, उसके बाद भी पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों को ट्रेस करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को यूपी से गिरफ्तार करके लाना, लूटी गई रकम बरामद करने में पुलिस की तारीफ होना चाहिए। गौरतलब है कि कैश लूट और हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में एडीजीपी उमेश जोगा, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा की टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.