जमानत पर छूटने के बाद दूसरे मामले में एफआईआर
जबलपुर। मंडला में टोल प्लॉजा संचालन के दौरान पर्यटकों से फर्जी तरीके से टोल टैक्स वसूलने के मामले में सजायाफ्ता अमित खम्परिया को धोखाधड़ी के प्रकरण में मदनमहल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नेपियर टाउन निवासी बिल्डर सचिन गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 420,406 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी अमित खम्परिया पर होने वाली एफआईआर और गिरफ्तारी को लेकर मदनमहल थाना में देर रात तक गहमागहमी रही। अमित खम्परिया पर 48 लाख रु पए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। मदनमहल पुलिस ने बताया कि संजीवनी नगर निवासी अमित खम्परिया ने टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर नेपियर टाउन निवासी बिल्डर सचिन गुप्ता के 48 लाख रु पए हड़प लिए। अमित खम्परिया ने सचिन को न पार्टनर बनाया और न ही उसके रुपए वापस कर रहा था। सचिन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि रुपए वापस मांगने पर अमित खम्परिया हमेशा धर्मगुरु,नेता और पुलिस के बड़े अधिकारियों का नाम लेकर धमकाता था। जानकारी के मुताबिक सचिन गुप्ता ने खम्परिया द्वारा रकम वापस न करने से परेशान होकर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा से मामले में शिकायत की थी। एसपी के निर्देश पर मदनमहल पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
25 से 50 प्रतिशत लाभ का दिलाने का दिया था झांसा
सचिन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह इंटीरियर डिजाइनिंग व रियल इस्टेट का काम करता है। करीब 4 साल पहले अमित खम्परिया से पहचान हुई थी। खम्परिया ने तब बताया था कि वह टोल प्लाजा का ठेका लेता है। इस धंधे में 25 से 50 प्रतिशत लाभ का झांसा देकर उसने जबलपुर के बरेला और उत्तर प्रदेश के अमेठी स्थित एक टोल प्लाजा में पार्टनर बनाया था। एनएचएआई से सचिन ने निकाली जानकारी- सचिन गुप्ता से 3 किस्तों में अमित खम्परिया को 1 करोड़ 26 लाख रु पए लिए। टोल प्लाजा से होने वाली कमाई की जानकारी देने में खम्परिया आनाकानी करने लगा। सचिन ने एनएचएआई से उसने जानकारी निकलवाई तो पता चला कि उसे टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों व पार्टनरशिप की गलत जानकारी दी जा रही है। सचिन गुप्ता ने खम्परिया से परेशान होकर अपने रुपए वापस मांगे। खम्परिया ने घाटा बताकर 78 लाख रु पए किस्तों में दिए और शेष 48 लाख की रकम रोक ली।
समन्वय अधिकारी को धमकी देना भी पड़ सकता है भारी
पंचायत समन्वय अधिकारी राजेश झारिया ने 11 जनवरी 2021 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित संजीवनी नगर थाना में एक शिकायत आवेदन दिया था। शिकायत में राजेश झारिया ने बताया था कि अमित खम्परिया द्वारा अवैध राशि मांगने, गाली गलौच कर जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया गया था। राजेश झारिया ने कहा था कि अमित खम्परिया धमकी भरे लहजे में बात कर रहे थे। यदि मेरे साथ कुछ अनहोनी होती है, तो उसके जिम्मेदार अमित खम्परिया होंगे।