Type Here to Get Search Results !

बस बॉडी कारखाने में भीषण आग से मशीन-फर्नीचर खाक,लाखों का नुकसान

शारदा चौक में सुबह हादसा, फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया काबू 

जबलपुर। शारदा चौक स्थित बसों की बॉडी बनाने वाले कारखाने में सुबह-सुबह भड़की भीषण आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रतन बस बॉडी मेकर कारखाना जनता टिम्बर्स परिसर में किराएदार है, जहां कचरे के ढेर से भड़की चिंगारी ने लाखों का नुकसान कर दिया। इसी परिसर में लकड़ी से निर्मित बड़े शेड और वहां रखे फर्नीचर में लगी आग से निकल रही लपटों को देखकर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची 4 दमकल गाड़ियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग में अनुमानित करीब 20 लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। बस बॉडी बनाने वाले रतन चौधरी ने बताया कि शारदा चौक स्थित प्लाट के अंदर बस की बॉडी बनाने सहित फर्नीचर का कार्य होता है। रात करीब 10 बजे कार्य करने वाले मजदूर सहित अन्य लोग अपने-अपने घर चले गए। प्लाट में चौकीदार था, चौकीदार ने सुबह फोन पर बताया कि आग लग गई है और उसकी लपटें बढ़ती ही जा रही है। अचानक भड़की आग में परिसर में रखा सोफा, डाइनिंग टेबल सहित अन्य फर्नीचर एवं बस की बॉडी बनाने वाली लाखों रुपए की मशीनें, बैटरी व अन्य सामग्री जलकर राख हो गईं।

 कचरा एकत्र कर लगाई आग से लगी आग 

चौकीदार ने बताया कि परिसर एरिया के बाहर फैले कचरे को किसी ने सफाई कर एकत्र किया और उसमें आग लगा दी। कचरे में लगी आग धीरे-धीरे परिसर के अंदर आ गई और लकड़ी से निर्मित बड़े कमरे में आग लग गई। चौकीदार ने आवाज लगाकर आसपास के लोगों को बुलाया, कुछ देर में ही मौके पर अफरातफरी मच गई।

 बसें बचीं-2 बड़े पेड़ जले

बताया जाता है कि परिसर में बॉडी बनने के लिए आईं नई चेचिस खड़ीं हुई थीं। 2 बसों में काम चल रहा था। आग में बस और चेचिस सुरक्षित बच गईं, लेकिन परिसर में लगे 2 नीम के पेड़ पूरी तरह जल गए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.