Type Here to Get Search Results !

स्कूल गए 2 नाबालिग लड़के रहस्यमय तरीके से गायब, अपहरण का केस दर्ज

माढ़ोताल पुलिस एफआईआर दर्ज कर ढूंढ रही 

जबलपुर। घर से तैयार होकर स्कूल के लिए गए 2 छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। शाम तक घर न पहुंचने पर दोनों नाबालिग बच्चों के परिजनों ने स्कूल से लेकर उसके दोस्त और परिचितों के यहां पतासाजी की, लेकिन बच्चों का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। बच्चों का अपहरण होने की आशंका जाहिर करते हुए परिजनों ने माढ़ोताल थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध पंजीबद्ध करते हुए तत्काल बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की 2 अलग-अलग टीम बच्चों की तलाश जुटी हुई है। बताया जाता है कि लापता दोनों बच्चे करमेता के आकांक्षा स्कूल में कक्षा 7 वीं के छात्र हैं। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन सहित लापता बच्चों के साथ पढ़ने वाले अन्य छात्रों से पूछताछ की है। माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि शारदा नगर निवासी रविशंकर मेहरा और बजरंग नगर निवासी संजय तोमर ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे रोजाना की तरह शुक्र वार को निर्धारित समय पर स्कूल के लिए निकले थे। देर शाम तक दोनों स्कूल से नहीं लौटे। स्कूल में जाकर दोनों बच्चों की जानकारी ली गई तो स्कूल स्टाफ का कहना था कि दोनों छात्र स्कूल आए थे, और छुट्टी होने पर चले गए थे। 15 घंटे की तलाश के बाद बच्चों का कहीं कोई सुराग नहीं लगा है और न ही परिजनों के पास कोई कॉल या सूचना आई है। बताया जाता है कि बच्चों के पिता रविशंकर मेहरा और संजय तोमर साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। रविंशकर मेहरा जहां पुट्टी का कामकाज करते हैं तो वहीं संजय तोमर पल्लेदारी करते हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.