महिला बाल विकास की योजना में जबलपुर शामिल
जबलपुर। महिला बाल विकास विभाग द्वारा जबलपुर को सेफ सिटी परियोजना अंतर्गत सम्मिलित किया गया है। कलेक्टर जबलपुर के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी जबलपुर के मार्गदर्शन में संभागीय बाल भवन जबलपुर द्वारा 15 से 18 वर्ष तक की बालिकाओं को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिया जाना है। यह प्रशिक्षण पूर्णतया निशुल्क होगा। स्मरण हो कि संभागीय बाल भवन द्वारा अब तक 19 सौ बालक एवं बालिकाओं को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिया जा चुका है । फरवरी माह से प्रारंभ होने वाले प्रशिक्षण सत्रों के लिए 30 जनवरी 2022 तक पंजीयन के लिए जबलपुर शहर में संचालित बाल विकास परियोजना के कार्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों तथा कार्यालय संचालक संभागीय बाल भवन पार्श्वनाथ जैन मंदिर के बाजू अग्रवाल कॉलोनी जबलपुर में सीधे करा सकते हैं ।
15 दिन का होगा प्रशिक्षण सत्र
संभागीय बाल भवन अधिकारी गिरीश बिल्लोरे ने बताया कि पंजीयन के उपरांत प्रशिक्षण हेतु निकटतम प्रशिक्षण केंद्र पर प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र 15 दिवस का होगा। प्रत्येक 50 प्रशिक्षणार्थियों में श्रेष्ठ 5 प्रशिक्षणार्थी को मूल्यांकन के उपरांत शौर्य शक्ति पदक प्रदान किए जाएंगे। विस्तृत जानकारी के लिए 7999380094 पर व्हाट्सएप कर आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। अथवा balbhavanjbp@gmail.com पर ई-मेल भेजकर आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2022 सुनिश्चित है।