रंजिश भुनाने पिता-पुत्रों ने रास्ता रोका, फिर मारपीट
। सहजपुर मंडी से मटर बेचकर ट्रैक्टर से घर वापस लौट रहे किसान को रंजिश के चलते लम्हेटा निवासी व्यक्ति और उसके 2 पुत्रों ने रास्ते में रोक लिया। झगड़ा करते हुए आरोपी एकराय होकर किसान को खेत में बने कमरे में ले गए और लाठी से ताबड़तोड़ प्रहार कर किसान के दोनों पैर तोड़ दिए। चीख-पुकार और भारी हंगामा की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पीड़ित किसान के बेटे को मोबाइल फोन पर वारदात की जानकारी दी। किसान का बेटा मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता आरोपी जमकर पीट रहे थे। मौके से डायल-100 में कॉल करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। एफआरवी की मदद से घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने बताया कि घायल के दोनों पैर में गंभीर चोट आईं हैं, दोनों पैरों में प्लास्टर लगाया गया है। बेलखेड़ा पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
50 वर्षीय किसान बख्तु सिंह लोधी के पुत्र गणोश सिंह निवासी इमलिया पठरा ने बताया कि शुक्रवार को उसके पिता बख्तु सिंह मटर बेचने सहजपुर मंडी गए थे। मंडी से मटर बेचने के बाद वह अपने ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। गांव पहुंचने से पहले लम्हेटा के पास पिता ट्रैक्टर खड़ाकर सड़क किनारे रुके हुए थे, तभी लम्हेटा निवासी दीपक पटेल, जित्तु पटेल और उसके पिता वहां पहुंच गए। तीनों पुराने विवाद को लेकर झगड़ा करने लगे। बख्तु सिंह के विरोध करने पर तीनों एक राय होकर उसे खेत में बने एक कमरे में लेकर गए और कमरा बंद कर लाठियों से पीटने लगे। आरोपियों ने लाठियों से हमला कर बख्तु सिंह के दोनों पैर तोड़ दिए। पैर के अलावा उसकी पीठ में भी बहुत चोट है। घायल के बेटे गणोश ने बताया कि आरोपी हत्या करने के इरादे से पिता को पीट रहे थे। वारदात के बाद से ही पिता बेहोश हैं। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।