Type Here to Get Search Results !

रांझी के पार्क में हत्या से सनसनी, मॉर्निग वाक में गए लोगों ने देखी लाश

पत्थर पटककर मारा, युवक की शिनाख्त नहीं 

जबलपुर। रांझी के रामनगर पार्क में एक युवक की पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। पार्क में सुबह-सुबह मार्निग वॉक पर गए लोगों ने रक्तरंजित लाश देखी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई। सूचना पर पुलिस के साथ मौके पर एफएसएल सहित डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक पड़ताल में पाया गया है कि संभवत: सिर पर पत्थर पटक कर युवक को मौत के घाट उतारा गया है, फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र 25 से 27 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पार्क में हत्या की सूचना मिलते ही एएसपी व सीएसपी मौके पर पहुंचे। रांझी थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि शनिवार सुबह कॉलोनी के नागरिक टहलने के लिए रामनगर पार्क गए थे। कुछ लोग पार्क के अंदर टहल रहे थे, तभी उन्हें एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। पार्क में लाश होने की खबर कुछ ही देर में कॉलोनी में आग की तरह फैल गई। हत्या की खबर मिलते ही पार्क के आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पार्क के समीप ही रांझी थाना प्रभारी परस्ते का घर है। शोर शराबा सुनकर थाना प्रभारी पार्क के अंदर पहुंचे। टीआई ने पुलिस बल को तत्काल मौके पर बुलाया जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। पार्क में युवक की जहां लाश मिली है, उससे करीब 25 से 30 मीटर दूर 3 डिस्पोजेबल गिलास, पानी की बोतल, नमकीन एवं सिगरेट का खाली पैकेट पुलिस को मिला है। 

 मेडिकल में रखी गई लाश

मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में गुमशुदगी के मामलों को रिकार्ड चैक करा रही है। फिलहाल लाश मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मचरुरी में रखी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि कुछ घंटों में मृतक की पहचान हो सकती है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात मृतक का रंग सांवला, कद लगभग 5 फुट 5 इंच है, बदन पर ट्रैक सूट वाला नीला लोवर, लाल ग्रे कलर का अपर, अंदर ग्रे कलर की ऊनी बनियान,सफेद जूता, ग्रे कलर का मौजा पहने हुए हैं। दाहिने हाथ में पूजा पाठ वाला लाल पीला धागा बंधा हुआ है। सिर के बाल सामान्य से थोड़ा बड़े हैं। मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी। पुलिस की एक टीम पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.