Type Here to Get Search Results !

देश के गांव अब आत्मनिर्भर बनने की राह में अग्रसर: गिरिराज सिंह

जबलपुर के किसान सुभाष भाटिया की मंत्री द्वय ने की तारीफ

 जबलपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह व केंद्रीय खाद्य व प्रसंस्करण उद्योग व जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने तिलवारा स्थित उन्नत किसान सुभाष भाटिया के ग्रीन बेम्बू नर्सरी का भ्रमण किया। यहां बांस के पौधे तैयार होने से लेकर उसके बनने वाले उत्पाद के उपक्रम को देखा। मंत्री द्वय ने भाटिया की नर्सरी से रोपित बांस के पौधारोपण कर तैयार बांस की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होने कहा कि जबलपुर के किसान सुभाष भाटिया नार्थ ईस्ट से भी श्रेष्ठ बांस तैयार कर रहे हैं। साथ ही इस अवसर पर पाटन के कन्तोरा गांव से संचालित कृषक उत्पाद समूह मैकलसुता फार्मर प्रोडय़ूसर कंपनी लिमिटेड के 211 दिनों में एक करोड़ टर्न ओवर पार करने पर शुभकामनाएं दीं। 

ग्रामीण आजीविका में हुआ इजाफा

केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली तब ग्रामीण आजीविका में दो करोड़ सदस्य थे। आज आजीविका में साढ़े आठ करोड़ सदस्य है। जिसे आने वाले वक्त में दस करोड़ तक ले जाना है। महिलाओं के सशक्तिकरण पर सिंह ने बताया कि पहले 2 करोड़ 35 लाख महिलाओं को 80 हजार करोड़ का बैंक लिंकेज था। आज मोदी जी के नेतृत्व में साढ़े चार लाख करोड़ का बैंक लिंकेज हैं। पत्रकारों के प्रश्न का उत्तर देते हुए सिंह ने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करना मोदी सरकार का संकल्प है। सरकार गांवों में रहने वाली 70 फीसदी ग्रामीण आबादी के विकास को लेकर नीतियों का सृजन कर कार्य कर रही है। कृषक उत्पाद समूह व स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से देश के गांव अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हैं। 

मैकलसुता एफपीओ को मिला प्रसंस्करण इकाई स्थापना हेतु लायसेंस

केंद्र सरकार की कृषक उत्पाद समूह गठित करने की योजना में जबलपुर के पाटन तहसील के ग्राम कन्तोरा में स्थापित मैकलसुता एफपीओ के द्वारा मात्र 211 दिन में कृषि व्यवसाय कर एक करोड़ का टर्न ओवर प्राप्त करने पर केंद्र सरकार के मंत्री द्वय गिरिराज सिंह व प्रहलाद सिंह पटेल ने एफपीओ के निदेशक मंडल को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने मेकलसुता कृषक उत्पाद समूह को लघु इकाई स्थापना के लिए उद्यम प्रमाण पत्र व एफएसएसएआई का राज्य लायसेंस प्रदान किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.