एफआईआर दर्ज कर पुलिस कर रही तलाश
जबलपुर। घमापुर करियापाथर निवासी जालसाज ने फर्जी वसीयत तैयार कर एक व्यक्ति से एक करोड़ से अधिक में जमीन का सौदा कर लाखों रुपए ऐंठ लिए। जमीन खरीदने वाले को जब अपने साथ हो रही धोखाधड़ी का पता चला तो उसने जालसाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
माढ़ोताल में टंडन की जमीन का किया सौदा
पुलिस ने बताया कि छुई खदान में रहने वाले 59 वर्षीय बिहारी लाल रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2008 में वह अच्छी लोकेशन में जमीन तलाश रहा था। उसी दौरान उसकी मुलाकात घमापुर करिया पाथर में रहने वाले राजेंद्र तिवारी से हुई। चर्चा के दौरान उसने बताया कि माढ़ोताल में टंडन जी की जमीन है, जिन्होंने वसीयत बनावाकर जमीन का स्वामी उसे बना दिया है। बिहारी लाल ने जमीन देखी और फिर 1 करोड़ 25 लाख में सौदा तय हो गया। एग्रीमेंट होने के बाद बिहारी लाल ने किश्तों में राजेंद्र तिवारी को 25 लाख रुपए भी दे दिए। कुछ समय बीतने के बाद बिहारी को पता चला कि टंडन जी ने कोई भी वसीयत तैयार नहीं कराई है। इसके बाद बिहारी लाल ने राजेंद्र ने अपनी रुपए वापस मांगे, लेकिन वह फिर भी जालसाजी से बाज नहीं आया। राजेंद्र ने फिर से बिहारी लाल को अपनी बातों में फसाया और फिर से फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऐसी जमीन का सौदा कर लिया जो कि मौके पर है ही नहीं। इस घटना के बाद बिहारी लाल ने थाने पहुंचकर पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस जालसाज की तलाश कर रही है।