पाटलीपुत्र एक्सप्रेस में टांजिट रिमांड पर ले जा रही थी पुलिस
जबलपुर। पुलिस कस्टडी में झारखंड से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा अपराधी भेड़ाघाट के पास ट्रेन से कूदकर भाग गया। महाराष्ट्र के थाना मंजार पुणो में दर्ज अपराध में फरार आरोपी को उसके मूल निवास साहिबगंज झारखंड से गिरफ्तार कर पाटलीपुत्र एक्सप्रेस से महाराष्ट्र पुलिस ले जा रही थी। ट्रेन जैसे ही भेड़ाघाट स्टेशन पर धीमी हुई वह पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। जबलपुर की सीमा में भागे अपराधी को पकड़ने के लिए भेड़ाघाट स्टेशन में उतरी महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने भेड़ाघाट पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया है। जबलपुर जिले की राजस्व सीमा से फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार करने भेड़ाघाट सहित अन्य थानों की पुलिस सक्रिय हो गई है। जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के मंजार थाना में साहिबगंज झारखंड निवासी 20 वर्षीय वसीम अख्तर के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध है, जिसमें वह लंबे समय से फरार है। आरोपी की सटीक जानकारी मिलने के बाद मंजार थाना के उपनिरीक्षक बालाजी साउबा, प्रधान आरक्षक विलास और आरक्षक आरपी रोड़े की टीम ने झारखंड से उसे गिरफ्तार कर लिया। महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महाराष्ट्र के लिए 8 सितम्बर को रवाना हुई थी।
टॉयलेट जाने की जिद की फिर गति धीमी होने पर ट्रेन से कूद गया
मंजार थाना के एसआई बालाजी साउबा ने भेड़ाघाट पुलिस को बताया कि उनकी टीम आरोपी वसीम अख्तर को पाटिलपुत्र एक्सप्रेस से लेकर महाराष्ट्र जा रही थी। रात करीब 1:30 बजे ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद ही आरोपी ने टॉयलेट जाने के लिए कहा। प्रधान आरक्षक विलास रस्सी से हाथ बंधे आरोपी वसीम को टॉयलेट तक लेकर गया। वहां से ने निकलते समय जब भेड़ाघाट स्टेशन के करीब ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तभी वसीम पुलिस कर्मी को धक्का देकर ट्रेन से कूद गया। चलती ट्रेन से ट्रांजिट रिमांड पर ले जाए जा रहे बदमाश के भाग जाने की सूचना एसआई बालाजी साउबा ने टीटीई को देते हुए मदद करने की बात कही। टीटीई ने पुलिस टीम को भेड़ाघाट स्टेशन पर उतारा, जिसके बाद कर्मी भेड़ाघाट थाना पहुंचे। प्राथमिक पूछताछ में प्रधान आरक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी चलती ट्रेन से कूदा है और वह सुरक्षित है। कूदने के बाद वह खेत की तरफ भागा भी है, जिसकी तलाश की जा रही है।
