कलेक्टर, एसपी व जेएमसी कमिश्नर के निर्देश पर सुबह से तोड़फोड़
जबलपुर। हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जक की गौरैयाघाट स्थित डेरी पर पुलिस व प्रशासन की टीम ने धावा बोला। बताया गया कि रज्जाक के भाईयों द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा कर अस्थाई निर्माण किया गया था। पुलिस-प्रशासन एवं जेएमसी की टीम ने अवैध कब्जे पर बुल्डोजर चलाते हुए करोड़ों रुपए कीमती जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा एवं जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर संयुक्त टीम सुबह करीब 9 बजे पहुंची। अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया ने बताया कि टीम ने करीब 2 करोड़ रुपए कीमत की जमीन को कब्जा मुक्त कराते हुए 30 लाख रुपए कीमत के अस्थाई टीन शेड तोड़ दिए।
10 हजार फुट सरकारी जमीन पर बनाए थे शेड
डीएसपी अपूर्वा किलेदार ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के बदमाश भाइयों द्वारा पुलिस चौकी गौर अंतर्गत नेशनल हाइवे मंडला बायपास मार्ग के किनारे 10 हजार 500 वर्गफुट शासकीय भूमि जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रु पए है, पर अवैध कब्जा कर शेड का निर्माण कर डेयरी का संचालन किया जा रहा था। पुलिस-प्रशासन एवं नगर निगम की टीम ने निर्मित शेड को जमींदोज कर शासकीय जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। अब्दुल रज्जाक निवासी बड़ी ओमती नया मोहल्ला के विरुद्ध अवैध वसूली, बलवा कर मारपीट करना, आर्म्स एक्ट, वन्य प्राणी अधिनियम, हथियारों से लैस होकर हत्या करना, धोखाधड़ी जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। रज्जक के भाई मोहम्मद रियाज, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद मेहमूद एवं शहाबुद्दीन के द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर डेयरी का संचालन किया जा रहा था, जिसे जेसीबी की मदद से तोड़ा दिया गया है। विवाद होने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया, एसडीएम रांझी ऋषभ जैन, डीएसपी ग्रामीण अपूर्वा किलेदार, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सोनी, टीआई बरगी रीतेश पांडे, थाना प्रभारी बरेला जितेन्द्र यादव, चौकी प्रभारी गौर टेकचंद शर्मा बल के साथ एवं नगर निगम अतिक्र मण दस्ता प्रभारी सागर बोरकर अतिक्र मण अमले के साथ मौजूद रहे।

