कटनी के सिविल सजर्न ऑफिस में दबिश, नार्दन कोलफील्ड में सीबीआई का छापा
जबलपुर। कार्यालय सिविल सजर्न स्थापना शाखा कटनी में पदस्थ क्लर्क को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं सिंगरौली के नार्दन कोलफील्ड में छापा मार कर सीबीआई ने दो अधिकारियों को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते दबोच लिया। दोनों आरोपियों को सीबीआई जबलपुर लेकर आ रही है।
समयमान वेतनमान के लिए मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के इंस्पेक्टर स्वपनिल दास ने बताया कि संदीप यादव ने एसपी संजय साहू से शिकायत देते हुए बताया था कि सहायक ग्रेड 3 कार्यालय सिविल सजर्न कटनी राहुल मिश्र के पास जा-जाकर वह नियमानुसार समयमान वेतनमान लगाने की गुहार लगा रहा था, लेकिन राहुल ने इस काम के एवज में उसके सामने रिश्वत की डिमांड रख दी। जिसके बाद लोकायुक्त एसपी के निर्देशानुसार संदीप योजनाबद्ध तरीके से आज कार्यालय खुलने के बाद राहुल के टेबल पर पहुंचा और उसे 8 हजार रुपए दिए, जिसे लेते हुए लोकायुक्त ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मंजू किरण तिर्की सहित अन्य मौजूद थे।
कांट्रेक्टर से मांगी थी दो लाख रुपए की रिश्वत
नादर्न कोलफील्डस लिमिटेड सिंगरौली के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत में रविवार को जबलपुर सीबीआई ने सिविल विभाग के प्रबंधक और सव्रेक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। सीबीआई की टीम सिविल प्रबंधक सहित अन्य को पूछताछ के लिए जबलपुर लेकर आ रही है। टीम ने कई दस्जावेज जब्त किए हैं। बताया जाता है कि विंध्य नगर जयंत स्थित एनसीएल नेहरू अस्पताल में सीबीआई जबलपुर की टीम द्वारा सिविल प्रबंधक रोहिताश मीणा और सव्रेक्षक मनदीप कुमार को कांट्रेक्टर से 50 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि प्राइवेट कांट्रेक्टर की फर्म के बिल पास करवाने को लेकर सिविल प्रबंधक आर मीणा ने 2 लाख रु पए की रिश्वत मांगी थी। कांट्रेक्टर ने इसकी शिकायत सीबीआई एसपी अजय दुबे से की थी। जबलपुर से पहुंची 8 सदस्यीय सीबीआई टीम ने दोनों को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में सीबीआई टीम के छापे से एनसीएल की परियोजनाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।