Type Here to Get Search Results !

युवती से छेड़छाड़ के बाद गुंडों ने दी जान से मारने की धमकी, पनागर थाने में एफआईआर

सास-ससुर बचाने आए तो धक्का मारकर भाग गए 

जबलपुर। पनागर थानाक्षेत्र में एक युवती को क्षेत्रीय गुंडों की अभद्रता का विरोध करना महंगा पड़ गया। यह बात शोहदों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने पहले तो महिला से छेड़छाड़ की और फिर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने बताया कि थानाक्षेत्र स्थित एक गांव में रहने वाली एक युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती शाम उसके घर के बाहर किसी के गाली-गलौज करने की आवाज आ रही थी। तभी उसका दो वर्ष का बेटा खेलते-खेलते घर के बाहर चला गया, जिसे बुलाने के लिए युवती बाहर निकली तो वहां खड़े किशोरी और राजेश बर्मन उसे देखकर गालियां देने लगे। युवती ने जब विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो दोनों ने उसका हाथ और कंधा पकड़ा और अश्लीलता पर उतारू हो गए। बदमाशों के चंगुल से छूटने के लिए महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसकी आवाज सुनकर उसके सास-ससुर बाहर आ गए और उन्होंने विरोध किया, लेकिन इसके बाद भी किशोरी और राजेश के हौसले पस्त नहीं पड़े और वे पूरे परिवार को जातिगत रूप से अपमानित कर जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध बढ़ता देख गांव के अन्य लोगों ने विरोध किया तब जाकर महिला सहित पूरा परिवार उनके चंगुल से छूट पाया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.