अस्पताल अग्निकांड: एसपी ने किया था 10-10 हजार रुपए का ईनाम
जबलपुर। दमोह नाका-आईटीआई रोड स्थित न्यू लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 1 अगस्त को हुए अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद फरार शेष 2 गुनाहगार डॉ निशिंत गुप्ता एवं डॉ सुरेश पटैल डेढ़ माह की फरारी के बाद पुलिस की गिरफ्त में आ गए। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए ईनाम घोषित किया था। बताया गया कि दोनों डॉक्टरों ने कोर्ट में सरेंडर किया जबकि विजय नगर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की विधिवत गिरफ्तारी कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इससे पहले डॉ निशिंत व डॉ सुरेश की हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
4 आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
मात्र 1980 वर्गफुट में चल रही न्यू लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 1 अगस्त को हुए अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई थी और आधा दर्जन लोग झुलस गए थे। पुलिस-प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने हादसे के बाद अस्पताल संचालकों पर कार्रवाई का शिकंजा कसा था। अस्पताल संचालक चार पार्टनरों में से डॉ निशिंत गुप्ता व डॉ संजय पटैल लगातार फरार चल रहे थे जबकि डॉ संजय पटैल, डॉ संतोष सोनी सहित मैनेजन व असिस्टेंट मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। एसपी ने आरोपियों पर ईनाम घोषित करने के बाद उनकी सम्पत्ति कुर्क करने की तैयारी की थी। इसी बीच दोनों आरोपियों ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी जिसे हाईकोर्ट ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि अग्निकांड मे प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को 2 दिन की रिमांड पर लिया है अब उनसे पूछताछ की जाएगी।
