निजी अस्पतालों में चल रहा था इलाज, प्रशासन अलर्ट
जबलपुर। संभाग सहित जिले में कोरोना वायरस संक्र मण की रफ्तार घटी तो खतरनाक स्वाइन फ्लू की दहशत बढ़ गई है। खबर के मुताबिक पिछले 4 साल के बाद जबलपुर में स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने लगे हैं। नेताजी सुभाषचंद बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित 3 मरीज भर्ती कराए गए हैं, ये सभी मरीज इस बीमारी के लक्षण पाए जाने पर निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे थे।
सर्दी-खांसी-बुखार के साथ गले में खराश हैं लक्षण
चिकित्सा विशेषज्ञों ने बताया कि कोरोना की तरह स्वाइन फ्लू के संक्रमण के लक्षण होते हैं। मरीज को सर्दी-खांसी बुखार के साथ ही गले में खराश होती है। शहर में मरीज मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के स्वाईन फ्लू प्रभारी डॉक्टर दीपक बरकड़े ने बताया कि कोरोना के साथ-साथ अब स्वाईन फ्लू के मरीज भी मिलने लगे हैं। अभी जो स्वाइन फ्लू से पीड़ित भर्ती हैं उनकी उम्र 60,50 और 54 साल है, उनका इलाज किया जा रहा है।
