Type Here to Get Search Results !

चर्च ऑफ नार्थ इंडिया के बिशप के घर-दफ्तर में ईओडब्ल्यू की रेड, 1.65 करोड़ व विदेशी मुद्रा बरामद

नोट गिनने एसबीआई की ब्रांच से मंगवाई मशीन 

जबलपुर। द बोर्ड ऑफ एजूकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया डायोसिस जबलपुर बिशप पीसी सिंह के निवास एवं कार्यालय में ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारकर 1 करोड़ 65 लाख रुपए सहित विदेशी मुद्रा भी बरामद की है। ईओडब्ल्यू डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सर्चिग करते हुए दस्तावेज भी जब्त किए हैं। छापा दल ने नोट गिनने के लिए समीप स्थित एसबीआई की शाखा से मशीन बुलवाई। शिकायत की जांच में मिले साक्ष्य के आधार पर बिशप पीसी सिंह,बीएस सोलंकी तत्कालीन असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म्स एंड संस्थाएं के विरुद्ध धारा 406, 420, 668, 47, 120बी का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

 चेयरमैन बनकर पद का किया दुरुपयोग

ईओडबल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि चेयरमैन पीसी सिंह कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मूल सोसायटी का नाम परिवर्तन कर उसका चेयरमैन बनकर पद का दुरूपयोग करते हुए सोयासटी की विभिन्न शैक्षणि संस्थाओं में प्राप्त होने वाली छात्रों की फीस की राशि का उपयोग धार्मिक संस्थाओं को चलाने एवं स्वयं के उपयोग में लेकर गबन करने के आरोपी हैं। वर्ष 2004-05 से वर्ष 2011-12 तक शैक्षणिक संस्था की करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर करने के प्रथमदृष्टया प्रमाण मिले हैं। मामले की शुरु आती जांच के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने बिशप पीसी सिंह के नेपियर टाउन स्थित घर और ऑफिस में छापामार कार्रवाई की है। बिशप पीसी सिंह पर आरोप है कि उन्होने गबन की राशि से कई अचल संपत्तियां भी क्रय की हैं, जिसका रिकार्ड खंगाला जा रहा है। ईओडब्ल्यू ने बताया कि दबिश के दौरान संस्था के चेयरमैन द्वारा किए गए गबन के दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। बिशप पर आरोप है कि उन्होंने संस्था का मूल नाम भी बिना अधिकृत स्वीकृति के खुद ही बदल दिया है। साथ ही वह अपनी मर्जी से संस्था के चेयरमैन बन गए। जानकारी यह भी है कि बिशप संभवत: इस समय विदेश यात्र पर हैं। मौके पर उपस्थित स्टाफ ने टीम को बताया कि बिशप आउट ऑफ स्टेट हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.