रिमांड अवधि खत्म होने के बाद पेश किया था ईओडब्ल्यू की विशेष कोर्ट में
जबलपुर। चर्च ऑफ नार्थ इंडिया (सीएनआई) में पद का दुरुपयोग कर करोड़ों का फर्जीवाड़ा करने वाले बिशप पीसी सिंह को 4 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को ईओडब्ल्यू की विशेष कोर्ट (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) में पेश किया गया। जहां अदालत ने बिशप को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। इधर, बिशप के ईसाई समुदाय में विरोधी खेमे के सक्रिय होने से पीसी सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं, हालांकि बिशप के खिलाफ इसी खेमे ने प्रमाणिक जानकारी के साथ ईओडब्लू में शिकायत की थी, जिसके बाद नेपियर टाउन स्थित बिशप के कार्यालय व निवास पर छापा मार कर ईओडब्ल्यू ने करोड़ों रुपए का फर्जीवाड़ा उजागर किया। वहीं जिला प्रशासन ने भी मिशनरी की जमीनों को खुर्द-बुर्द करने के मामले की जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने अपर कलेक्टर सहित एसडीएम व तहसीलदार की टीम बनाकर बिशप के नेतृत्व वाली संस्था को लीज पर दी गई जमीनों के रिकार्ड खंगालने के आदेश दिए हैं।
