लोकायुक्त ने किया ट्रैप, स्वास्थ विभाग में हड़कंप
जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ जिला लेखा प्रबंधक श्रद्धा ताम्रकार को 80 हजार रु पए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। महिला लेखा प्रबंधक अधिकारी ने ट्रैवल्स एजेंसी का बिल पास करने के एवज में 1 लाख 10 हजार रु पए की रिश्वत मांगी थी। ट्रैवल एजेंसी के संचालक सुनील मिश्र ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त एसपी संजय साहू से की थी। एसपी के निर्देश पर टीम ने मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में कार्रवाई की।
मेडम ने कटवाए कार्यालय के कई चक्कर
लोकायुक्त एसपी संजय साहू ने बताया कि सुनील मिश्र के वाहन विभाग में अटैच हैं और उनके करीब 13 लाख रुपए के बिल पेंडिंग थे। लेडी एकाउंट अफसर श्रद्धा ताम्रकार ने बिल पास कराने के लिए सुनील मिश्र से 1 लाख 10 हजार रुपए की डिमांड की थी। शिकायत मिलने के बाद ट्रैप दल मंगलवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ श्रद्धा ताम्रकार के कार्यालय पहुंचा और प्लान के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता सुनील मिश्र ने उन्होंने 80 हजार की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सुनील मिश्र के मुताबिक बिल पास करने श्रद्धा ताम्रकार ने उन्हें कई बार कार्यालय के चक्कर कटवाए और दबाव डाला कि बिना पैसे दिए बिल पास नहीं होंगे। लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबड़े ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ट्रैप दल में डीएसपी सुरेश परमार, इंस्पेक्टर मंजू किरण तिर्की,भूपेंद्र दीवान व अन्य सदस्य शामिल रहे।
