पुलिस ले गई केंट थाने, बताया नशे में धुत थी
जबलपुर। सदर चौपाटी में देर रात एक युवती ने जमकर हंगामा मचाया। बताया जाता है कि दो युवक व एक युवती का दुकानदार से विवाद हो गया। सूचना मिलने पर रात्रि गश्त में रही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती पुलिस से न केवल उलझ गई बल्कि उसने सरेआम पुलिस कर्मी से कहा कि चल जा-जा निकल यहाँ से। चंद मिनटों में वहाँ भीड़ लग गई और लोगों ने इस हाई वोल्टेज ड्रामे की वीडियो रिकार्डिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके साथ रहे युवक वहाँ से खिसक गए। इसी बीच पुलिस युवती को केंट थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि युवती नशे में धुत थी। उस पर क्या कार्रवाई की गई ये जानकारी पुलिस ने नहीं दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
