Type Here to Get Search Results !

नशेड़ियों का अड्डा बने पुराने बस स्टैंड में बन सकता है ज्वैलरी क्लस्टर

सराफा एसोसिएशन ने की मेयर से चर्चा,व्यवसाय को मिलेगी गति

 जबलपुर। नया अन्तर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) बनने के बाद पुराना बस स्टैंड नशेड़ियों और असमाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। शहर के बीच नगर निगम की इस जमीन पर वर्ल्ड क्लास ज्वैलरी क्लस्टर विकसित करने की पहल सराफा एसोसिएशन ने की है। एसोसिएशन के सदस्यों से चर्चा के दौरान मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने ज्वेलरी क्लस्टर में रुचि दिखाई है। पूरे महाकोशल में शहर का सराफा बाजार अपनी एक अलग पहचान रखता है और दूर-दूर से लोग यहां खरीदी करने आते हैं, लेकिन सराफा बाजार में ट्रेफिक और पार्किग की व्यवस्था न होने के कारण बाहर के लोगों का यहां से मोह भंग हो रहा है। नौबत यहां तक आ गई कि बाहर के जो व्यापारी व ग्राहक पहले बाहर से जबलपुर आता थे अब वह इंदौर, कटनी, सतना सहित दूसरे शहरों की तरफ रुख कर रहे हैं।

 बैंक, एटीएम से लेकर लॉजिंग जैसी सुविधा हो

 जानकारी के मुताबिक यदि सराफा एसोसिएशन की पहल पर पुराने बस स्टैंड में ज्वैलरी क्लस्टर बनता है तो यहां शोरूम के साइज अलग-अलग होंगे। इसके साथ ही इस मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में बैंक, एटीएम, होटल, लॉजिंग, रेंटल स्ट्रांग रूम तक की व्यवस्था का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही यहां कारखाना, पॉलिस, बेसमेंट में पार्किग सहित अन्य व्यवस्थाएं भी होंगे। यदि ऐसा होता है तो सराफा व्यापारियों को तो फायदा मिलेगा ही साथ में नगर निगम की आय में भी बढ़ोत्तरी होगी। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ ने बताया कि मेयर अन्नू सिंह ने आश्वस्त किया है कि यह योजना किस रूप में क्रियान्वित होगी अधिकारियों से चर्चा के बाद तय किया जाएगा।

 स्मार्ट सिटी तैयार कर चुका डीपीआर!

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक स्मार्ट सिटी लिमिटेड पुराना बस स्टैंड परिसर में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार करने के लिए ऑलरेडी डीपीआर तैयार कर चुका है। हालांकि उसमें ज्वेलरी क्लस्टर शामिल है या नहीं यह अभी क्लीयर नहीं है। मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ सहित राजेंद्र सराफ, अनूप अग्रवाल, विजय सोहाने, सुशील सोनी, महेंद्र ओसवाल आदि को योजना पर सकारात्मक तौर पर निर्णय लेने कहा है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.